क्वारंटीन होंगे केरल व महाराष्ट्र से आए नागरिक

कोरोना वायरस से निपटने की तैयारियां तेज

गाजियाबाद। जनपदवासियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित बनाने एवं वायरस के प्रसार को रोकने के उद्देश्य निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रहे हैं। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में शनिवार को महात्मा गांधी सभागार में महाराष्ट्र एवं केरल राज्यों से उत्तर प्रदेश में आने वाले यात्रियों के उचित क्वारंटाइन तथा कोविड जांच एवं वैक्सीनेशन के लिए समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद की नगरीय क्षेत्रों में मोहल्ला निगरानी समिति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम निगरानी समितियां अपने क्षेत्र में महाराष्ट्र एवं केरल राज्यों से वापस आने वाले यात्रियों की स्थिति तथा इन यात्रियों द्वारा क्वारंटाइन में रहने के नियमों का अनुपालन किये जाने पर निगरानी रखें। ऐसे किसी यात्री के लक्षण युक्त हो जाने अथवा क्वारंटाइन के नियमों का अनुपालन न करने की स्थिति में तत्काल अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र/ जिला सर्विलांस इकाई/जनपदीय कमांड सेंटर को दूरभाष पर सूचित करें। इसके साथ ही समस्त आरडब्लूए को भी उपरोक्त सूचना उपलब्ध कराने के लिए पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिये गये। डीएम ने महाराष्ट्र एवं केरल राज्यों से हवाई मार्ग से आने वाले यात्रियों के सर्विलांस के संदर्भ में जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी एन.के. गुप्ता ने अवगत कराया कि जनपद में कोई भी एयपरोर्ट स्थापित नहीं है। यदि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से यदि कोई यात्री जनपद गाजियाबद में आता है तो इसकी सूचना भी निगरानी समितियों द्वारा ही उपलब्ध करायी जायेगी। सभी रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों पर पी.ए. सिस्टम के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया जाए एवं महाराष्ट्र एवं केरल राज्यों से आने वाले यात्रियों की सूची इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल रूम तदोपरांत जिला सर्विलांस अधिकारी गाजियाबाद एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए ताकि इन यात्रियों के सर्विलांस, क्वारंटाइन तथा जांच की उचित व्यवस्था की जा सके। डीएम ने कहा कि नगर निगम कर्मचारियों को मोटिवेट कर वैक्सीनेशन का कार्य शत- प्रतिशत कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा कोविड-19 से संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।