रामप्रस्थ ग्रीन सोसाइटी में नगर आयुक्त ने कचरा पृथक्करण का सिखाया पाठ

-रामप्रस्थ ग्रीन सोसाइटी परिसर में स्वच्छता दिवस कार्यक्रम का आयोजन

गाजियाबाद। वसुंधरा जोन स्थित रामप्रस्थ ग्रीन सोसाइटी परिसर में रविवार को स्वच्छता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने किया। इस दौरान पार्षद मधु सिंह भाटी सहित रामप्रस्थ ग्रीन सोसाइटी के तथा अन्य वसुंधरा के निवासियों ने हिस्सा लिया, स्वच्छता अभियान को सफल बनाया।
पार्षद मधु सिंह भाटी ने बताया कि रामप्रस्थ ग्रीन सोसाइटी में नगर निगम तथा रामप्रस्थ ग्रीन सोसाइटी के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से सफाई अभियान कार्यक्रम चलाया गया। स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे कि निवासियों में भी जागरूकता आएगी। नगर आयुक्त ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कचरा पृथक्करण का संदेश दिया। नगर आयुक्त ने शहर निरीक्षण के क्रम में ही रामप्रस्थ ग्रीन सोसाइटी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जिसमें उपस्थित जनों को कचरा पृथक्करण को लेकर जागरूक किया गया। गीला तथा सूखा कचरा अलग-अलग रखने से नगर निगम की योजनाओं में भी सहयोग रहेगा तथा शहर हित में बेहतर कार्य होगा।

स्थानीय निवासियों से नगर आयुक्त द्वारा नगर निगम की सुविधाओं के बारे में भी चर्चा की गई। रामप्रस्थ ग्रीन सोसाइटी के सभी सदस्यों को बधाई भी दी गई कि उनके द्वारा स्वच्छता की मुहिम में आगे बढ़ते हुए प्रत्येक माह के पहले और तीसरे रविवार को मनाए जाने वाले स्वच्छता दिवस की पहल सराहनीय है। जिसमें नगर निगम का सहयोग लगातार प्राप्त होगा। वसुंधरा जोन निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा एसबीएम टीम को भी मोटिवेट किया गया। साथ ही कूड़े की गाड़ी मे लगे हुए अलग-अलग डस्टबिन में कूड़ा डालने के लिए जनता को जागरूक करने के लिए कहा। नगर आयुक्त ने कहा कचरा पृथक्करण को लेकर निवासियों को जागरूक किया जा रहा है कि वह कचरे को नगर निगम की अधिकृत गाडिय़ों में अलग-अलग डस्टबिन में डालें जैसे कि गीला कचरा हरा डस्टबिन में सूखा कचरा नीले डस्टबिन में पीले रंग के डस्टबिन में जैव अपशिष्ट डालें तथा काले रंग के डस्टबिन में हानिकारक कचरा डालें इस प्रकार चारों डस्टबिन में अलग-अलग कचरा डालने पर नगर निगम इसका रीसायकल कर सही इस्तेमाल में उपयोग करता है। जो कि जनपद से नगर वासियों के लिए भी लाभदायक योजना है, जिसके लिए अभियान लगातार जारी है।