इंदिरापुरम में कूड़े से खाद तैयार कर रहा नगर निगम

-नगरायुक्त ने डलावघर का लिया जायजा

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा इंदिरापुरम में कचरा निस्तारण प्रक्रिया के अंतर्गत कूड़े से खाद बनाई जा रही है। शहर के कचरे के समाधान के लिए नगर निगम पूर्ण रूप से प्रयासरत है तथा कई योजनाओं पर प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में इंदिरापुरम में सैकड़ों टन कूड़े का निस्तारण किया गया है। मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर शहर के कचरे को एक स्थान पर एकत्र कर उससे खाद और आरडीएफ बनाने की प्रक्रिया जारी है। इंदिरापुरम डलाव घर पर शहर से कई किलोमीटर दूर कचरा एकत्र होता है, जिससे कूड़े का पृथक्करण किया जाता है। तदोपरांत कूड़े से ही उपकरणों के माध्यम से खाद बनाया जा रहा है ताकि उस खाद का इस्तेमाल किया जा सके। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा समय-समय पर नगर निगम द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का जायजा लिया जाता है। इसी क्रम में बुधवार को इंदिरापुरम डलाव घर का जायजा लिया गया। पहले की तुलना में 40 प्रतिशत कूड़े का निस्तारण नगर निगम द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों के माध्यम से किया जा चुका है तथा शहर के कचरे से खाद बनाई गई है। नगरायुक्त तंवर ने बताया कि इसी प्रकार अन्य स्थानों पर भी कूड़े का प्रोसेस प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। कोविड-19 महामारी के समय में कुछ तैयारियां धीमी गति में आ गई थीं, जिन्हें फिर से सुचारू कर दिया गया है और जल्द इंदिरापुरम की तरह अन्य स्थानों पर कचरे का प्रोसेस शुरू किया जाएगा तथा कूड़े का पृथक्करण कर अन्य योजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। नगर निगम द्वारा इंदिरापुरम में कूड़ा डंपर के माध्यम से लाया जाता है। उसके बाद मशीन द्वारा कूड़े को पृथक किया जाता है। प्लास्टिक व अन्य कूड़ा अलग-अलग कर अन्य योजनाओं के लिए तैयार किया जाता है तथा शेष कूड़े से मशीनों के जरिए प्रोसेस कर खाद में तब्दील कर दिया जाता है, नगर निगम की आय भी प्रभावित होती है। इस प्रकार की पूरी प्रक्रिया पार्षदों के सुझाव व उनके सहयोग के अनुरूप ही किया जा रहा है। इस प्रकार की प्रक्रिया को देखकर लगता है कि नगर निगम शहर को जल्द कचरा मुक्त कर देगा तथा कई स्थानों पर कूड़े के प्रोसेस के लिए कार्यवाही की जा रही है।