गाजियाबाद। शहर का पहला वातानुकूलित ऑडिटोरियम तैयार हो गया है। नेहरू नगर में पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम बनाया गया है। यह बेहतर सुविधाओं से लैस है। अब ऑडिटोरियम के उद्घाटन का इंतजार किया जा रहा है। मेयर आशा शर्मा एवं नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर इस ऑडिटोरियम का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लोकापर्ण कराने के लिए प्रयासरत हैं। यह प्रयास कब तक पूरे हो पाएंगे, यह बताना फिलहाल मुश्किल है। इसके अलावा नगर निगम की 125 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी होना है। नेहरू नगर तृतीय में शहर का पहला वातानुकूलित ऑडिटोरियम बनाया गया है। इसके निर्माण पर लगभग 47.06 करोड़ रुपए की लागत आई है।
ऑडिटोरियम में 860 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर की वजह से नगर निगम की तीन प्रमुख योजनाओं के निर्माण भी ब्रेक लग गया था। नगर निगम द्वारा नेहरूनगर में शहर का पहला बड़ा ऑडिटोरियम की लोगों को सौगात मिल जाएगी। मगर इसके लिए अभी शहरवासियों को इंतजार करना होगा। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि नेहरूनगर स्थित ऑडिटोरियम का जल्द उद्घाटन करने की प्लानिंग है। इसके लिए तारीख निर्धारित की जाएगी। नगर निगम का शहर में सबसे बड़ा नेहरूनगर में ऑडिटोरियम का वर्ष-2012 में बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद इसका निर्माण शुरू कर दिया गया था।
इसका निर्माण पूरा करने के लिए करीब 15 बार तारीख तय की गई। कई बार एस्टीमेट में बदलाव किया गया। जीडीए से भी नक्शा पास कराया गया। मगर बीच में ठेकेदार द्वारा काम छोड़ दिया गया। शुरूआत से विवादों में रहे इस ऑडिटोरियम का नक्शा भी बीते साल तत्कालीन नगर आयुक्त डॉ. दिनेश चंद्र सिंह के कार्यकाल में जीडीए से पास कराया गया। इसके बाद 860 लोगों की क्षमता वाले और पूर्णत: वातानुकूलित इस ऑडिटोरियम का लोकार्पण अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराने के लिए इंतजार है।
दिल्ली की एजेंसी की ओर से फायर फाइटिंग सिस्टम को लगाने में देरी हुई। इस ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन हो सकेगा। वहीं, शहरवासी भी इसमें किराए पर कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। उधर, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि वातानुकूलित ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। इसका उद्घाटन कराया जाना है। मेयर आशा शर्मा से इस मामले में बात कर जल्द उद्घाटन की तिथि फाइनल कराई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर कमलों से आॅडिटोरियम का उद्घाटन कराने के प्रयास चल रहे हैं। इसके लिए तारीख फाइनल होने के बाद तैयारी की जाएगी।
















