डेयरियों से मुक्त होंगी शहर की आवासीय कॉलोनियां

नगर निगम ने चलाया डेयरी हटाओ अभियान

गाजियाबाद। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश के तहत नगर निगम ने मंगलवार को शहर में डेयरी हटाओ अभियान चला। इस दौरान 18 डेयरी मालिकों को 24 घंटे का समय दिया गया है। इसके बाद उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की है। स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा कविनगर जोन के चिरंजीव विहार में डेयरी हटाओ अभियान चलाया गया। यह आवासीय कॉलोनी है। जहां 14 डेयरिया संचालित थीं। जिन्हें हटा लेने के संबंध में डेयरी मालिकों को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था।नगर निगम द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान 18 डेयरियां संचालित पाई गई। सभी डेयरी स्वामियों को 24 घंटे का टाइम दिया गया है तथा 24 घंटे के भीतर डेयरी न हटने पर कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। चिरंजीव विहार सेक्टर-2, 3 तथा 10 के नागरिक इस प्रकार की कार्यवाही से काफी संतुष्ट दिखाई दिए तथा आस-पास फैली गंदगी के बारे में उनके द्वारा कई बार शिकायत भी की गई थी।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ चौकी प्रभारी अवंतिका, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अवर अभियंता, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक एवं क्षेत्रीय सफाई एवं खाद्य निरीक्षक उपस्थित रहे। नगर निगम द्वारा अवैध डेयरियों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जाएगी। शहर में कहीं भी आवासीय कॉलोनियों में डेयरियों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। इसी क्रम में आवासीय कॉलोनियों से डेयरियों को हटाया जा रहा है ताकि वहां रहने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े। इससे शहर मे स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा।