नगर निगम के पांचों जोन में चलाया गया सफाई अभियान

म्युनिसिपल कमिश्नर के आदेश पर स्वच्छता पर दिया जा रहा जोर

गाजियाबाद। मेयर आशा शर्मा व म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के दिशा-निर्देश पर नगर निगम द्वारा शहर की साफ सफाई पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर की मुख्य सड़कों पर रात में भी सफाई हो रही है वहीं बाजारों में सफाई कर्मचारियों की नाइट में भी ड्यूटी लगाई गई है। दुकानदारों को आगाह किया गया है कि वे बाजारों में गंदगी न फैलाएं और कूड़ा कूड़ेदान में ही डालें। म्युनिसिपल कमिश्नर तंवर द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जा रहा है, जिसके फलस्वरूप गाजियाबाद नगर निगम टीम द्वारा बाहरी मार्गों के साथ-साथ आंतरिक गलियों में भी सफाई व्यवस्था बेहतर की जा रही है।

इसी क्रम में म्युनिसिपल कमिश्नर द्वारा सभी जोन में नालों की सफाई कराए जाने हेतु संबंधित अधिकारी को आदेश दिया गया है। बुधवार को कविनगर जोन में डीपीएसजी स्कूल के पास मेरठ रोड साईं मंदिर के पास गोविंदपुरम व अन्य स्थानों पर नालों की सफाई का कार्य किया गया। मोहननगर जोन में जनकपुरी, राजीव कॉलोनी, राजेंद्र नगर सेक्टर-2, अर्थला व अन्य नालों की सफाई कराई गई। विजयनगर जोन में विजय नगर थाना अकबरपुर-बहरामपुर व अन्य नालों की सफाई कराई गई। वसुंधरा जोन में महाराजपुर, भोवापुर व साहिबाबाद सहित अन्य नालों की सफाई का कार्य कराया गया। सिटी जोन के अंतर्गत कैला भट्टा, नेहरू नगर व अन्य नालों का सफाई कार्य किया गया। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर बाजारों में पॉलीथिन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी निगम अभियान चलाए हुए है। पॉलीथिन बेचने वालों के साथ साथ रेहडिय़ों व दुकानों पर पॉलीथिन बैग का इस्तेमाल करने वालों के चालान काटे जा रहे हैं व पॉलीथिन जब्त किये जा रहे हैं। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर टीम अब पॉलीथिन इस्तेमाल करने वाले का वीडियो बनाएगी। अगर दो दिन बाद पॉलीथिन का इस्तेमाल करते हुए पाया जाता है तो दुकानदार व रेहड़ी चालकों पर जुर्माना किया जाएगा। शहर में सफाई की इस रफ्तार को देखकर आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, क्षेत्रीय पार्षदों ने नगर निगम टीम तथा मेयर आशा शर्मा व म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर का आभार जताया है।