स्वच्छता सर्वेक्षण : चैन से नहीं बैठ रहे नगरायुक्त, फील्ड में बहा रहे पसीना

वसुंधरा जोन का किया निरीक्षण, मातहतों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

गाजियाबाद। शहर में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को वसुंधरा जोन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य अभियंता को आवश्यक बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए गए। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर नगर निगम द्वारा शहर को साफ-सुथरा एवं खूबसूरत बनाने की दिशा में नए-नए कदम उठाए जा रहे हैं। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा मातहतों को प्रेरित करने के अलावा स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है।

नगरायुक्त तंवर ने शुक्रवार को वसुंधरा जोन का निरीक्षण करने के दौरान संपत्ति तथा निर्माण विभाग के कार्यों का जायजा लिया। वसुंधरा जोन में महक बैंक्वेट हॉल के कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि को देखा गया। संबंधित भूमि को नगर निगम हित में उपयोग में लाए जाने के लिए निर्माण विभाग को ट्रांसफर स्टेशन बनाने के निर्देश दिए गए। नगरायुक्त तंवर ने सुपर जोनल प्रभारी एवं मुख्य अभियंता (निर्माण) एनके चौधरी को सॉलि़ड वेस्ट मैनेजमेंट तथा गाड़ियों की पार्किंग के लिए गैराज इत्यादि के उपयोग में उक्त भूमि को लाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस बीच नगरायुक्त द्वारा कनावनी का भी निरीक्षण किया गया।

वहां निगम की भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए संपत्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। पूर्व में विजय नगर जोन के अकबरपुर बहरामपुर गांव में खाली कराई गई जमीन पर निगम की योजना के तहत चल रहे पार्किंग, ट्रांसफर स्टेशन तथा अन्य कार्यों का जायजा भी नगरायुक्त ने लिया। कार्यों पर संतुष्टि जाहिर कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के संबंध में विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। संपत्ति तथा निर्माण विभाग के कार्यों के अलावा स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में नागरिकों से फीडबैक की अपील की गई।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार को शौचालयों के साथ-साथ नालों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कुछ नागरिकों द्वारा फॉगिंग की समस्या को रखा गया। जिसका तत्काल संज्ञान लेकर नगरायुक्त ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसबीएम टीम के अलावा, निर्माण एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा जोनल प्रभारी टीम मौजूद रही। बता दें कि इन दिनों स्वच्छता सर्वेक्षण चल रहा है। इसके चलते नगर निगम ज्यादा गंभीर है। शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए नगरायुक्त खुद फील्ड में निकल रहे हैं। निरीक्षण के दौरान वह कमियां मिलने पर मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं।