सीएम ग्रिड योजना: 40 करोड़ से सड़क का सौंदर्यीकरण

  • यूरिडा अधिकारियों ने निगम अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण

गाजियाबाद। सीएम ग्रिड योजना के तहत मोहननगर में 40 करोड़ रुपए की लागत से सड़क का सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर नगर निगम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (यूरिडा) अधिकारियों ने निरीक्षण किया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत कराए जाने वाले कार्यों को रफ्तार दी जा रही है। इस सड़क का जनवरी-2026 में निर्धारित समय अवधि में कार्य पूरा किया जाना है। इसलिए नगर निगम निर्माण विभाग की टीम को प्राथमिकता पर कार्य पूर्ण करने व संबंधित सभी विभागों से समन्वय बनाए रखने के निर्देशित किया गया है। शुक्रवार को अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी के अधिकारियों ने नगर निगम के निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह आदि अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।

नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने बताया कि सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत 40 करोड़  रुपए की लागत से तैयार होने वाले मार्ग की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। हिंडन एयर फोर्स स्टेशन के सामने से मोहन नगर चौराहे तक सड़क की मार्किंग व अन्य कार्यों को पूरा किया जा चुका हैं। ग्रैप-4 की पाबंदी हटने के बाद इसमें कार्य की रफ्तार बढ़ाई गई। इसके लिए संबंधित एजेंसी के कार्य समय से पूर्ण हो इसलिए विशेष अवधि का ध्यान रखा जा रहा है। इसके साथ ही संबंधित ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को यूरिडा के डिप्टी सीईओ एके श्रीवास्तव ने निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर किए गए कार्य को देखा। मार्किंग व अन्य सुविधा संबंधित कार्य पूर्ण पाए गए। उन्होंने अधिकारियों को अन्य कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इसकी निर्माण विभाग द्वारा लगातार मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश दिए।