-मास्क पहनना और शारीरिक दूरी अभी भी जरूरी: मनोज गोयल
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 11 से 14 अप्रैल तक कोविड-19 के खिलाफ टीका उत्सव मनाया जा रहा है। इसके चलते रविवार को ज्योतिबा फूले जयंती के अवसर पर सेक्टर-1 वार्ड 72 स्थित प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पर इस महोत्सव का शुभारंभ क्षेत्रीय पार्षद मनोज गोयल द्वारा किया गया। इस अवसर पर वहां की प्रबंधक डॉ. रितु वर्मा सहित पूरे स्टाफ ने टीकाकरण में सहयोग किया। पार्षद मनोज गोयल ने कहा कोरोना संक्रमण नए रूप में सामने आ रहा है, इसलिए मास्क पहनना और शारीरिक दूरी बनाए रखना जरूरी है। जब तक कि हम हर्ड इम्यूनिटी तक न पहुंच जाएं। जब तक कि अनुमानित 70 से 85 फीसद जनसंख्या का वैक्सीनेशन न हो जाए।
मास्क लगाना अपनी सुरक्षा के लिए ही नहीं बल्कि दूसरों की सुरक्षा के लिए भी बहुत जरूरी है। मास्क पहनने से कोविड-19 के विभिन्न प्रकारों के फैलने और इसके नए प्रकार उत्पन्न होने से रोकने में मदद मिलेगी। उन्होने कहा कोविड-19 का टीका लगवा लिया और हो गए निश्चिंत, लेकिन यह निश्चिंतता ठीक नहीं। अभी भी आपको सेहत का ध्यान रखना है, क्योंकि वैक्सीन लेने के बाद भी आप इस वायरस के रडार पर हैं। यह बात समझ लें कि कोई भी वैक्सीन, किसी भी वायरस का उपचार नहीं होती बल्कि उसके प्रति सुरक्षा कवच देती है। अभी भी आप कोरोना संक्रमित हो सकते हैं और दूसरों को संक्रमित कर सकते है। क्योंकि वायरस तब तक अपना रूप नहीं बदलता, जब कि इसका प्रसार न हो। इसलिए आपस में मिलने पर नमस्ते करें, बार-बार हाथ धोते रहें, दो गज की दूरी बनाए रखें तथा घर के बाहर निकलने पर मास्क लगाए रखें।
















