कंप्यूटर ऑपरेटरों का बढ़ेगा वेतन, टेंडर प्रक्रिया हुई पूरी

शासनादेश के बाद जैम पोर्टल के माध्यम से होगी कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। लंबे समय से वेतन बढ़ोत्तरी की बाट जोह रहे कंप्यूटर ऑपरेटरों को जल्द ही बढ़ी हुई तनख्वाह मिल सकेगी। शासनादेश के बाद नगर निगम ने जैम पोर्टल के माध्यम से कंप्यूटर ऑपरेटर रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही कंपनी के साथ एग्रीमेंट होगा। वर्तमान में नगर निगम में कंप्यूटर ऑपरेटर को सीएलसी के जरिए वेतन का भुगतान किया जाता है। नगर निगम के कंप्यूटर प्रभारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि पहली बार कराए गए टेंडर में सिर्फ एक कंपनी थी। इस कारण से पुन: टेंडर कराया गया। टेंडर प्रक्रिया में मानकों को पूरा करने के साथ न्यूनतम दर देने वाली कंपनी का चयन किया जाएगा।
विदित हो कि नगर निगम बोर्ड में कर्मचारियों के वेतन बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव पास हो चुका है और बोर्ड ने यह निर्णय लिया था कि कंप्यूटर ऑपरेटर को रखने और वेतन बढ़ोत्तरी का मामला प्रशासनिक है। ऐसे में प्रशासनिक स्तर से मामले में निर्णय लिया जाए। बीते साल अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल के माध्यम से शासनादेश जारी हुआ था। जिसमें कर्मचारियों की नियुक्ति जैम पोर्टल के माध्यम से किये जाने का आदेश हुआ था।

शासनादेश में पुरानी व्यवस्था एवं किसी अन्य तरीके से कर्मचारियों की नियुक्ति को रोकने का आदेश हुआ था। इसके बाद नगर निगम ने कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति के लिए टेंडर जारी किया, जिसमें 132 कंपनियों ने भागीदारी की, मगर सिर्फ एक कंपनी ही टेक्नीकल बिड में क्वालीफाई कर पाई। इस कारण दोबारा से टेंडर कराने का निर्णय हुआ। दोबारा हुए टेंडर में 85 कंपनियों ने हिस्सेदारी की और दो कंपनियों ने टेक्नीकल बिड में क्वालीफाई किया। ऐसे में अब इनमें से एक कंपनी का चयन लोवेस्ट रेट के आधार पर हुआ है। इसी महीने करार हो जाएगा। जिसके बाद संभव है कि अगले महीने से कंप्यूटर ऑपरेटरों को बढ़ी हुुई तनख्वाह मिले।