किसानों के बहाने राजनीतिक रोटियां सेक रही कांग्रेस: सुरेश खन्ना

राजस्व वसूली, स्वच्छता एवं यातायात में सुधार पर जोर

सरकारी भूमि पर कब्जा न हो, भूमाफिया पर शिंकजा कसने की दी हिदायत

51 महिलाओं को सिलाई मशीन, 35 दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल एवं एक दिव्यांगजन को वितरित की व्हीलचेयर

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा मंत्री सुरेश खन्ना ने आज 51 महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान की। कार्यक्रम में 35 दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल और एक दिव्यांगजन को व्हीलचेयर भी दी गई। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में 51 महिलाओं को स्व-रोजगार एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु सिविल डिफेंस एवं इनरव्हील की मदद से सिलाई मशीनें बांटी गईं, जिनमें 36 दिव्यांग महिलाएं भी शामिल हैं।

इसके अलावा दिव्यांगजन सशक्ति करण विभाग द्वारा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत 35 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल एवं 1 दिव्यांगजन को व्हीलचेयर प्रदान की गई।  वित्त व संसदीय कार्य व जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर चल रहे किसान आंदोलन पर विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्षी दल किसानों को मोहरा बनाकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का कार्य कर रहे हैं।

जिस कानून को दोनों सदनों में लंबी बहस के बाद पारित किया गया, उस समय किसी ने कोई विरोध नहीं किया लेकिन बाद में किसानों की आड़ लेकर उन्हें बरगला कर कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन खड़ा कर दिया गया जिससे सरकार को कमज़ोर कर सकें। सुरेश खन्ना ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद चुनाव के दौरान उसके घोषणापत्र में कृषि कानून को लेकर घोषणा रखी गई थी, आज वही कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन को फिर से पाने के लिए किसानों की आड़ ले रही है। आंदोलन करने वाले किसान सिर्फ वही हैं जिन्हें कानून बनने से सबसे अधिक तकलीफ होगी, उनके बिचौलियों का काम खत्म होगा। यह विपक्षी दल किसानों के हितैषी नहीं हैं।

वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने जिला मुख्यालय स्थित गांधी सभागार में समीक्षा बैठक की। इस दौरान विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने जनपद में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने पर बल दिया। बैठक में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली आपूर्ति से संबंधी समस्या तत्काल प्रभाव से निस्तारण कराए।

सड़कों को निर्धारित समय पर गड्ढा मुक्त कराया जाए। जलभराव होने वाले क्षेत्रों में सीसी रोड का निर्माण कराया जाए। अमृत योजना के तहत लोगों को मानक के अनुरूप पानी की आपूर्ति कराने के निर्देश दिए। बिजली बिलों का बकाया पर संबंधित विभाग की सूची बनाकर शीघ्र वसूली कराई जाए।
स्वच्छता रैकिंग में गाजियाबाद को टॉपर बनाने के लिए करें प्रयास:
मंत्री सुरेश खन्ना ने स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया। स्वच्छता कार्यक्रम में हमेशा अच्छी रैंकिंग मिली है। गाजियाबाद को पुन: स्वच्छता रैंकिंग में नंबर-1 लाकर कीर्तिमान स्थापित करें। निराश्रित गौवंशों के संरक्षण में निर्देश दिए कि सभी जनप्रतिनिधि प्राइवेट लोगों एवं संस्थानों का सहयोग प्राप्त करते हुए कम से कम 5 लोगों को सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से जोड़े। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता को निर्देशित किया कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत महत्वपूर्ण योजना में अधिक से अधिक लोगों को गोल्डन कार्ड बनाए जाएं।

अस्पताल में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड का एक काउंटर होना चाहिए जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना से जुड़ सकें। शाम में कानून एवं शांति व्यवस्था की बैठक करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधों पर अकुंश लगाया जाए। पूर्व के सालों से जिले में सभी अपराधों में कमी आई हैं। इसी क्षमता से अधिकारी अपने कार्य को अंजाम दें। ताकि अपराधों पर नियंत्रण किया जा सके। लंबित विवेचना में तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। औद्योगिक विकास को गतिशीलता देने को सभी प्रशासनिक अधिकारी विशेष प्रयास करें। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा न हों। ऐसे विवादित स्थल जहां कब्जा है एवं लीगल केस विचाराधीन हैं, उन्हें नोटिस देकर कब्जा प्राथमिकता पर हटवाया जाए। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने अवगत कराया कि नगर निगम द्वारा 678 करोड़ की सरकारी भूमि को खाली कराया गया है। मंत्री खन्ना ने कहा कि जीडीए, नगर पालिका, नगर पंचायत, उप-जिलाधिकारी एवं वन विभाग की टीम बनाकर एवं सर्वेक्षण कराकर अतिक्रमण के खिलाफ कठोर एवं दंडात्मक कार्रवाई कराई जाए। अमृत योजना के तहत सभी नागरिकों को मानकों के अनुसार जलापूर्ति करने की दिशा में प्रयास किए जाएं। मंत्री ने स्व’छता पर विशेष जोर दिया ताकि गाजियाबाद पुन: स्व’छता रैंकिंग में नंबर-1 आकर कीर्तिमान स्थापित करे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक बड़े अस्पताल में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड का काउंटर होना चाहिए। वित्त मंत्री ने जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात जाम से निपटने आदि के संबंध में भी कड़े निर्देश दिए। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कलेक्ट्रेट स्थित प्रांगण में किसान सम्मान दिवस पर जिले के 34 किसानों को सम्मानित करते हुए प्रमाण पत्र बांटे। मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि देश एवं प्रदेश के विकास का रास्ता गांव की पंगड़डिंयों से होकर जाता है।

गांव का किसान खुशहाल होगा,तभी देश और प्रदेश के साथ हमारा समाज भी खुशहाल होगा। विकास भवन के सामने प्रांगण में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 118वीं जयंती पर सम्मान समारोह का दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया। जिले एवं ब्लाक स्तर पर बेहतर उत्पादन करने वाले 34 किसानों को अंग वस्त्र एवं प्रसंशा पत्र देकर सम्मानित किया। कहा कि जिन किसान भाईयों ने रबी,खरीफ की फसलों, मत्स्य पालन, सब्जी, फूल, पशुपालन कर दुग्ध उत्पादन, रेशम एवं उद्यान में बेहतर प्रदर्शन किया है, वह बधाई के पात्र हैं। जिले में प्रथम स्थान पाने वाले किसानों को प्रमाण पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। किसानों के बैंक खाते में 7 हजार रुपए डीबीटी के माध्यम से भेजे गए। दूसरे स्थान पर आने वाले किसानों को प्रमाण पत्र,शॉल ओढ़ाकर सम्मानित कर 5 हजार रुपए दिए गए। महिला सशक्तिकरण के तहत सम्मानित किसानों में शकुंतला देवी, संतोष देवी, सरिता आदि को सम्मानित किया गया। इस मौके पर मेयर आशा शर्मा, विधायक सुनील शर्मा, विधायक अजित पाल त्यागी, नंदकिशोर गुर्जर, डॉ. मंजू सिवाच, जिलाधिकारी डॉ.अजय शंकर पांडेय एसएसपी कलानिधि नैथानी, म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर, सीडीओ अस्मिता लाल, एसपी सिटी अभिषेक वर्मा, एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य,एडीएम फाइनेंस यशवर्धन श्रीवास्तव, एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, विनय सिंह, पीडी पीएन दीक्षित, डीडीओ भालचंद्र त्रिपाठी, यूपीसीडा आरएम डॉ. स्मिता सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान आदि उपस्थित रहे।