गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस किसी भी राजनीतिक दल से गठबंधन नहीं करने जा रही है। कांग्रेस का गठबंधन किसानों, नौजवानों और महिलाओं के साथ है। 2022 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस बगैर गठबंधन के लड़ेगी। पेट्रोल और डीजल की कीमतें कुछ कम करके भाजपा सरकार चुनाव साधने की कोशिश कर रही है। लेकिन जनता भाजपा के इरादों को भाप चुकी है।
यह बातें 2 दिसंबर गुरूवार को मुरादाबाद में होने जा रही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा रैली की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी समाज के लोगों के साथ है। सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। सरकार बनने के बाद निश्चित तौर से इन सभी को अधिकार मिलेगा।
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और बालू खनन बड़ी मात्रा में हो रहा है। रेत और मिट्टी को लूटा जा रहा है। कांग्रेस की सरकार आने के बाद इन सभी पर विराम लगेगा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने प्रदेश की जनता के समक्ष प्रतिज्ञाएं ली हैं। इनमें किसानों का कर्ज माफ, बिजली का बिल आधा, युवतियों और छात्राओं के लिए मोबाइल फोन और स्कूटी, युवाओं के लिए बीस लाख नौकरियां, आंगनबाड़ी और आशा वर्कर्स के लिए दस हजार रुपये देना, विधानसभा चुनाव में महिलाओं को चालीस प्रतिशत टिकट देने जैसी अनेक प्रतिज्ञाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह साबित हो चुका है कि उत्तर प्रदेश में आज कांग्रेस ही सबसे बड़ा विपक्षी दल है।
कोरोना काल के दौरान लोगों की मदद एवं उन्हें बचाने के लिए जब अन्य दल घरों में छिपकर बैठे हुए थे। तब कांग्रेस का हर एक सिपाही लगातार लोगों की मदद के लिए घर-घर भोजन एवं राशन की व्यवस्था के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर और अस्पताल में बेड की व्यवस्था कराने में जुटा हुआ था। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने सड़क से लेकर संसद तक तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ आवाज उठाई। महंगाई और प्रदेश की कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर कांग्रेसी ही सड़कों पर संघर्ष करते दिखे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का दूसरे दलों के साथ होने वाला गठबंधन दिखावा है और जो लोग सच्चे होते हैं वो दिखावा नहीं करते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का गठबंधन प्रदेश की जनता के साथ हो चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ही प्रदेश में ऐसी नेता हैं जो महिलाओं पर होने वाले अपराध और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाती दिखाई दीं। सोनभद्र हो या फिर हाथरस हर जगह प्रियंका गांधी खड़ी दिखाई दीं। प्रदेश सरकार ने उन्हें चार बार गिरफ्तार किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र यादव, महानगर अध्यक्ष लोकेश शर्मा, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष वीके अग्निहोत्री, पूर्व सांसद प्रत्याशी डौली शर्मा, प्रदीप कंसल आदि कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
















