जहरीली शराब से मौतों का विरोध, कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

-शराब माफियाओं को सत्ता का मिल रहा संरक्षण

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जहरीली शराब से हो रही मौतों के मामले को लेकर बुधवार को कांग्रेसियों ने लोहिया नगर स्थित गांधी पार्क, मुरादनगर एवं रजापुर ब्लॉक मे विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बिजेन्द्र यादव ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीडि़त परिवारों को आर्थिक मदद देने की मांग की। उन्होने कहा कि शराब माफियाओं को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। जहरीली शराब से हुई मौतों की एक के बाद एक घटनाएं माफिया और सरकार के गठजोड़ की भूमिका पर सवाल खड़े करती है। जहरीली शराब बनाने वालों और बेचने वालों के सिंडिकेट को सरकार का पूरी तरह से संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने पूछा कि अगर ऐसा नहीं है तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आबकारी विभाग के मंत्री से जवाब तलब क्यों नहीं करते। कच्ची शराब लगातार बनकर बिक रही है और शासन और प्रशासन आखें मूंदकर बैठा है। जहरीली शराब से हो रही मौतों में भाजपा के नेताओं की भूमिका सामने आ रही है। धरने के दौरान कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति से प्रदेश की तानाशाही योगी सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। वहीं कांग्रेस आउटरीच विभाग की प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा चड्ढा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार जहरीली और अवैध शराब से मौतें हो रही है। जिम्मेदार अधिकारियों पर न तो कार्रवाई हो रही और न ही अवैध शराब का कारोबार बंद हो रहा है। अवैध शराब पीने से मौत होने पर गरीबों के परिवार तबाह हो रहे है। परिवारों की कोई देखरेख करने वाला नहीं है। इस दौरान पूनम बहल, अमित भारद्वाज, वसीम कुरैशी, आसिफ सिद्दकी, अहसान अली, सुरेंद्र शर्मा, उज्जवल, कादर खान, सलमान अब्बासी, साजिद सिद्दकी, रियासत, रुपेश त्यागी, नईम खान, विनोद शर्मा, संदीप कुशवाहा, सुनील शर्मा, रवि कुमार, सविता गौतम, रिंकू माथुर, पंकज तेजानिया, एहसान मेवाती, भीम प्रकाश गौतम व अनिरूद्घ आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।