महंगाई के खिलाफ कांग्रेसी का हल्लाबोल, सरकार खिलाफ दिखाया आक्रोश

-बेलगाड़ी पर हुए सवार, कोरोना के बाद आसमान छू रही महंगाई: आचार्य प्रमोद कृष्णम, कांग्रेस का भाजपा गद्दी छोड़ो आंदोलन, मंहगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा।

गाजियाबाद। कांग्रेस ने अगस्त क्रांति दिवस को भाजपा गद्दी छोड़ो दिवस के रूप में मनाया। सोमवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार क खिलाफ जबरदस्त हल्ला बोला। आंदोलन में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के राजनीतिक सलाहकार एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम भी गाजियाबाद पहुंचकर घंटाघर पर रूककर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने बैलगाड़ी पर सवार होकर केंद्र और प्रदेश सरकार में लगातार बढ रही मंहगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा देश में लगातार बढ़ रही महंगाई, महिलाओं पर अपराध, रोजगार, किसानों पर अत्याचार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग का तिरस्कार हो रहा है। अगामी विधानसभा चुनाव में जनता जनार्दन ने भाजपा सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। भारत छोड़ा आंदोलन में अग्रेजों को भारत छोडऩे को मजबूर कर दिया था। आज कांग्रेस भी भाजपा गद्दी छोड़ो आंदोलन चला रही है।

पेट्रोल और डीजल की आसमान छू रही कीमतों ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। जिस कारण आम आदमी की रोजमर्रा में उपयोग होने वाली सभी वस्तुओं को महंगा कर दिया है। पूर्व मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि कोविड-19 के दौरान कांग्रेसियों का सेवाभाव सभी ने देखा। कांग्रेसी दिन रात पीडि़तों की सेवा में लगे रहे। मगर भाजपा के नेता लोगों से अपना चेहरा छुपाते रहे। पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेसी बेलगाडिय़ों पर सवार होकर कंपनी बाग स्थित महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय से निकले। कांग्रेसियों ने महंगाई का विरोध करने के लिए गैस सिलेंडर बैलगाडिय़ों पर रखे हुए थे।

कांग्रेस की पदयात्रा को देखते हुए पुलिस पहले से ही कंपनी बाग से लेकर घंटाघर तक तैनात थी। कांग्रेसियों की बैलगाड़ी जैसे ही घंटाघर पहुंची, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। कांग्रेसी यदि आगे बढ़ते तो उन्हें हिरासत में लेने के लिए बस भी पुलिस प्रशासन ने तैयार की हुई थी। घंटाघर पर रोके जाने के बाद कांग्रेसी वहीं पर ही धरना देकर बैठ गए और प्रदेश की योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर हमला बोला। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक केके शर्मा, महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, सुरेंद्र प्रकाश सुशांत गोयल, सुरेंद्र प्रकाश सुशांत गोयल, पूजा चड्ढा, पार्षद मोहम्मद जाकिर अली सैफी, वीके अग्निहोत्री, हंसा तिवारी, पार्षद पति चेतन त्यागी, पार्षद पति विजय गोयल, बाबू राम शर्मा, संजीव शर्मा डासना गेट, पार्षद विनोद, सुरेंद्र शर्मा, नरेन्द्र राठी, पूर्व पार्षद सुनील चौधरी समेत सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।
पेट्रोल-डीजल के दाम छू रहे आसमान, सरकार मूक दर्शक: बिजेंद्र यादव
जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मोदीनगर विधानसभा में जिला अध्यक्ष बिजेंद्र यादव के नेतृत्व में मोदीनगर अध्यक्ष आशीष शर्मा, सुनील शर्मा, मनीष शर्मा ने महंगाई के खिलाफ किसानों की समस्याओं के लिए भ्रष्टाचार और ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर जबरदस्त महा हल्ला बोल पैदल मार्च किया।

कांग्रेसी जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए मोदी मंदिर से लेकर स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा तक पदयात्रा में शामिल हुए। जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने बताया जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने बताया भारत तो आजाद हो चुका है लेकिन प्रदेश सरकार की तानाशाही नहीं रूक रही है। जब से भाजपा सरकार देश में आई है तब से खाद्य पदार्थों की कीमतें दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। भाजपा ने चुनाव के समय जनता से कई वादे किए थे, जबकि अब भाजपा नींद में सो रही है। पहले से ही कोरोना संक्रमण से परेशान जनता की कमर महंगाई ने तोड़कर रख दी है। पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं और सरकार मूक दर्शक बने देख रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के पास महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कोई रणनीति नहीं है। प्रदर्शन के दौरान मोदीनगर अध्यक्ष आशीष शर्मा, ओबीसी प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष विजयपाल चौधरी, मुनीष शर्मा, आरिफ पंवार, मनोज राठी, मंजू राणा, सुनील शर्मा, जिला संगठन प्रभारी अमोल वशिष्ठ, राकेश शर्मा डब्बू, बृजेश कुमार, नीरज प्रजापति, दीपक प्रजापति आदि मौजूद रहे।