शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कड़े निर्देश
गाजियाबाद। जनपद में शराब तस्करों के खिलाफ मुहिम को धार देने के लिए जिला आबकारी विभाग ने कमर कस ली है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी ने मातहतों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर जरूरी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया।
बुधवार को जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में अखिलेश वर्मा आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1, रमाशंकर सिंह आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2, टी .एस ह्यांकी आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2, सीलम मिश्रा आबकारी निरीक्षक सेक्टर 3, आबकारी निरीक्षक सेक्टर-4 आशीष पाण्डेय, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य आबकारी निरीक्षक सेक्टर- 5, अरुण कुमार आबकारी निरीक्षक सेक्टर 6 एवं आबकारी के 19 स्टॉफ के साथ बैठक करते हुए निरीक्षकों को शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में ओवररेटिंग की शिकायत भी नहीं मिलनी चाहिए। ऐसा होने पर संबंधित निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग निरंतर प्रयासरत हैं। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह प्रभावी कार्रवाई कर रहे हैं। इसके मद्देनजर आबकारी अधिकारी सिंह ने अब सभी निरीक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने राजस्व वसूली संतोषजनक होने पर मातहतों की पीठ थपथपाई। इसके अलावा शराब तस्करी पर कार्रवाई से वह असंतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि शराब तस्करों के खिलाफ पूरी ताकत के साथ कार्रवाई की जाए। किसी भी तस्कर को बख्शने की जरूरत नहीं है। इसके अतिरिक्त शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायत न मिले। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित आबकारी निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आबकारी निरीक्षकों को मुख्य मार्गों पर चेकिंग का दायरा बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं। शराब तस्करी की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों और मार्गों पर पैनी नजर रखी जाएगी ताकि तस्करों पर शिकंजा कसा जा सके। इसके साथ ही लोनी, ट्रोनिका सिटी, खोड़ा, कौशाम्बी, इंदिरापुरम, लिंक रोड, साहिबाबाद, टीला मोड़, शालीमार गार्डन, नंदग्राम, मधुबन-बापूधाम, कविनगर, विजय नगर, मुरादनगर, मोदीनगर आदि सभी थाना क्षेत्रों में आबकारी निरीक्षकों को सक्रियता बढ़ाने के भी सख्त निदे्रश दिए।
अभियान में तेजी, अवैध शराब समेत तस्कर गिरफ्तार
यूपी शासन एवं आबकारी आयुक्त उप्र के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस-प्रशासन एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर अकुुंश लगाने के लिए जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री/परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के क्रम में देर रात संयुक्त आबकारी आयुक्त, मेरठ जोन, मेरठ द्वारा जनपद गाजियाबाद में संचालित कस्टम बॉन्ड, थोक अनुज्ञापन, एस0बी0एल0 एवं वारडेक्स फॉर्मेसी तथा रैण्डमली माडलशाप, देशी शराब, विदेशी मदिरा व वीयर दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान समस्त थोक एवं फुटकर अनुज्ञापनो पर संचित स्टॉक में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। संयुक्त आबकारी आयुक्त द्वारा समस्त विक्रेताओं को मौके पर नियमानुसार अनुज्ञापनो को संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक सेक्टर-4 आशीष पाण्डेय एवं विजयनगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा दबिश के दौरान तस्कर किशन सिंह पुत्र मान सिंह निवासी बहरामपुर को अवैध रूप से बिक्री करते हुए 34 पौवे मिस इंडिया के साथ गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त के विरुद्ध थाना विजय नगर में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धारा में अभियोग पंजीकृत करते हुए जेल भेजा गया। इसके साथ ही आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 टी .एस ह्यांकी एवं थाना लिंकरोड पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी/दबिश की गई। कौशांबी मेट्रो स्टेशन के पास से करमजीत पुत्र राज सिंह निवासी ग्राम-बम्हेटा को 50 पौवे अवैध विदेशी शराब मार्का क्रेजी रोमियो की बिक्री करते हुए मौके से पकड़ा गया।
पकड़े गए अभियुक्त के विरुद्ध उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत थाना लिंक रोड में अभियोग पंजीकृत कराकर जेल भेजा गया। इसके साथ ही विशेष चेकिंग अभियान के अंतर्गत अवैध शराब के परिवहन की रोकथाम के लिए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के डासना चेक पोस्ट पर रात्रिकालीन रोड चेकिंग की गई।















