जलभराव से निपटने को नगर निगम और आरआरटीएस में समन्वय स्थापित

-पटेल नगर में बिछाई जाएगी पाइप लाइन, क्षेत्रवासियों को मिली राहत

गाजियाबाद। बरसात में जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम हर संभव प्रयास कर रहा है। जिससे नागरिकों को जलभराव की समस्या से जूझना न पड़े। इसी लिए नगर निगम ने आरआरटीएस से समन्वय स्थापित करते हुए पटेल नगर की जलभराव की समस्या का समाधान किया है।
नगर निगम द्वारा जहां अतिवृष्टि होने पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य में जुटा हुआ है। इसी क्रम में सिटी जोन स्थित पटेल नगर बी-ब्लॉक आरडब्लूए पदाधिकारियों के प्रयासों से रविवार को नगर निगम द्वारा जलभराव की समस्या का निस्तारण करने की योजना पूर्ण रूप से बनाई गई है। अतिवृष्टि के कारण पटेल नगर बी ब्लॉक में लगातार पंप लगाकर जल निकासी का कार्य जलकल विभाग द्वारा किया जा रहा था। मगर समस्या का स्थायी समाधान के लिए आरडब्ल्यूए पदाधिकारी आयुक्त महेंद्र सिंह तवर से मिले तथा नगर आयुक्त द्वारा समस्त पदाधिकारियों सहित योजना बनाई और एक टीम गठित करते हुए मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी को निरीक्षण कर कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया।
मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी ने बताया कि मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश अनुसार आरआरटीएस के साथ मौके पर निरीक्षण किया गया तथा अतिवृष्टि के जल की निकासी के लिए स्थाई योजना बनाई गई। जिसके अंतर्गत बी-ब्लॉक पटेल नगर के निवासियों की सहमति से 50 मीटर का 1 हजार एमएम ओवरफ्लो पाईप पटेल नगर बाल्मीकि कुंज से होता हुआ महामाया स्टेडियम वाली लाइन तक डालने की रूपरेखा बनाई गइ। उसके उपरांत 2 माह में 300 मीटर का एक नाला आरआरटीएस द्वारा बनवाया जाएगा। जिससे बाल्मीकि कुंज तथा पटेल नगर का समस्त जलभराव का निकास हो पाएगा।
पटेल नगर बी ब्लॉक तथा बाल्मीकि कुंज के निवासियों की जलभराव समस्या के निस्तारण होने पर क्षेत्रवासियों ने नगर निगम अधिकारियों एवं आरडब्लूए को आभार प्रकट किया। इस प्रकार आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के सहयोग से समस्या का समाधान नगर आयुक्त के कुशल नेतृत्व में कराया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी, आरआरटीएस के जीएम पीपी सिसोदिया, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी मनोज त्यागी, पंकज शर्मा, कंचन खन्ना, संगीता गुप्ता, अनुज शर्मा उपस्थित रहे।