कोरोना महामारी: जनता के लिए रियायती दरों पर ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर उपलब्ध कराने की मांग

गाजियाबाद। व्यापारी एकता समिति इंदिरापुरम ने कोरोना महामारी से आम जनता को बचाने के लिए रियायती दरों पर व्यापारिक संगठनों को ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है। पत्र में संस्था के संयोजक प्रदीप गुप्ता ने लिखा है कि कोरोना संक्रमण आज तेज गति से फैल रहा है। ऐसे में कुछ ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर व्यापारी एकता समिति को मानवता की सेवा के लिए तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराए जाएं। हम लोग शासन-प्रशासन के साथ दिन-रात एक कर अपने-अपने एरिया में काफी लोगों की मदद कर सकते हैं। वर्तमान में शासन-प्रशासन और अस्पताल मरीजों की ऑक्सीजन पूर्ति करने में फेल हो रहे हैं, परंतु यदि व्यापारी वर्ग साथ लग गया तो उसके पास जगह की कमी नहीं, बेड का इंतजाम करने की कमी नहीं, मेहनत और लगन की कमी नहीं। सिर्फ सरकार से यही अपील है कि कम से कम सरकारी टैक्सों में रियायत कर हमें आवश्यक ऑक्सीजन कंसेंट्रेरर तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराए जाएं ताकि हम अधिकतम जनता की सेवा कर सकें। आज उच्च वर्ग को पैसों के बल पर, गुंडों को ताकत के बल पर और प्रशासन में पकड़ रखने वाले लोगों को कहीं ना कहीं ऑक्सीजन मिल पा रही है, मगर आम आदमी को मध्यम वर्गीय व्यापारियों और नौकरी करने वाले लोगों को कहीं भी कोई भी सुविधा नहीं मिल पा रही है।