गाजियाबाद। जनपद में कोविड-19 (कोरोना वायरस) के मद्देनजर दिसम्बर भी अलर्ट जारी रहेगा। कोरोना संक्रमण और प्रदूषण को मात देने के लिए सरकारी तंत्र ने पहले से जरूरी तैयारियां कर ली हैं। आपात स्थिति के लिए एल-1 श्रेणी के कोविड अस्पतालों में 1100 बेड की व्यवस्था कराई गई है। कोविड हॉस्पिटल एस.आर.एम. में 350, आई.एम.एस. में 400 एवं दिव्य ज्योति में 350 बेड तैयार किए गए हैं। इसके अलावा एल-2 श्रेणी के संयुक्त चिकित्सालय सेक्टर-23 संजय नगर में 76, ई.एस.आई.सी. साहिबाबाद में 100 बेड के अलावा निजी क्षेत्र के अस्पतालों में 800 बेड का प्रबंध कराया जा रहा है। जिला प्रशासन के मुताबिक सरकारी अस्पतालों में 43 वेंटिलेटर एवं निजी क्षेत्र के अस्पतालों में 45 वेंटिलेटर की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके अलावा अस्पतालों में 9 एच.एफ.एन.सी. की भी व्यवस्था की गई है। कोविड-19 के संक्रमित मरीजों को वेंटिलेटर से पहले एच.एफ.एन.सी. दी जाती है। इसी क्रम में एक हजार मरीजों के लिए दवाइयां उपलब्ध हैं। पहले प्रतिदिन 3100 टेस्टिंग का लक्ष्य निर्धारित था। नवंबर में इसे बढ़ाकर 4 हजार कर दिया गया था। यह दिसम्बर में भी जारी रहेगा। आवश्यकता होने पर टेस्टिंग की संख्या 6 हजार की जाएगी। आर.आर.टी. की 15 टीमें वर्तमान में कार्यरत हैं। आपदा आने पर आर.आर.टी. की 25 टीमें लगाने की तैयारी है। नवंबर में कुल 861 सर्विसलांस टीमें कार्यरत थीं। दिसम्बर में इनकी संख्या बढ़ाकर एक हजार की जाएगी। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने नागरिकों से घर से बाहर निकलने पर मास्क एवं गमछे का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर 2 गज की दूरी का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने सरकारी कार्यालयों में भी कोरोना संक्रमण रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों से कदम उठाने को कहा है।
















