कोरोना वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित: म्युनिसिपल कमिश्रर

-म्युनिसिपल कमिश्रर ने सबसे पहले लगवाई कोविड वैक्सीन

-निगम कर्मचारी, अधिकारी समेत पार्षदों ने लगवाया कोविड का टीका

गाजियाबाद। कोरोना वैक्सीन समाज के लिए किसी सुरक्षा कवच से कम नहीं है। यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित है और देश व समाज को इस कोरोना महामारी से बचाने के लिए बहुत आवश्यक है। इस वजह से जिन लोगों का नंबर आ गया है। वह अस्पताल पहुंचकर टीके जरूर लगवाएं। यह बातें सोमवार को नगर निगम में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए आयोजित कैंप में सबसे पहले वैक्सीन लगवाते हुए म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने कहीं। उन्होने आमजन को जागरूक करते हुए कहा, कि बुजुर्ग और बीमारों को यह वैक्सीन देरी किए बिना अस्पताल पहुंचकर लगवानी चाहिए। ताकि, वह इस महामारी को लेकर पूरी तरह से सुरक्षित हो सकें। कोरोना संंक्रमण को रोकने के लिए और अपने जीवन को बचाने के लिए सभी लोग टीके लगवाएं। म्युनिसिपल कमिश्रर के बाद निगम कर्मचारियों ने और कई पार्षदों ने भी टीका लगवाया। नगर निगम के करीब 5 हजार से ज्यादा कर्मचारी एवं अधिकारियों का निशुल्क टीका लगाया जाना है। इसमें कर्मचारी दिलचस्पी नहीं ले रहे थे। स्वास्थ्य विभाग और फिर मेयर आशा शर्मा की ओर से म्युनिसिपल कमिश्रर को पत्र भेजकर कर्मचारियों और अधिकारियों का टीकाकरण कराने के लिए कहा गया था। जिसके बाद सोमवार को निगम मुख्यालय में कोविड वैक्सीन कैंप लगाया गया। वहीं म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने कर्मचारी एवं अधिकारियों को जागरूक करते हुए सबसे पहले कोविड का टीका लगवाया। निगम मुख्यालय में तैनात प्रकाश विभाग के लिपिक विनोद त्यागी, जलकल लिपिक चौब सिंह, कुलदीप शर्मा, नाजिर पूरन शर्मा, अपर नगरायुक्त के लिपिक किरनपाल सिंह समेत सभी विभागों के कर्मचारियों ने भी कोविड का टीका लगवाया। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक चरण और उनके टीम के सभी जवानों को कोरोना का वैक्सीन लगाया गया। निगम पार्षद राजेंद्र तितोरिया, माया देवी समेत कई पार्षदों ने भी खुद आगे आकर टीका लगवाया और अन्य कर्मचारियों व पार्षदों से भी टीका लगवाने की अपील की। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने कहा जल्द ही सभी जोन में तैनात कर्मचारियों को भी टीका लगाया जाएगा। म्युनिसिपल कमिश्रर ने मौजूद लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया और भरोसा दिलाया देश में बनी कोरोना की वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित और प्रभावकारी है।