इंतजार खत्म: स्वास्थय विभाग को मिली कोविड-19 वैक्सीनेशन की पहली खेप
अधिकारी एवं कर्मचारियों ने तालियां बजाकर वैक्सीन का किया स्वागत
गाजियाबाद। कोरोना के खिलाफ टीकाकरण का इंतजार अब खत्म होने को है। पिछले 10 महीने से जिले में चली आ रही कोरोना आपदा से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है। कोविड-19 वैक्सीनेशन की पहली खेप गुरूवार को जनपद में आ पहुंची है। कल यानि 16 जनवरी से कोविड टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। कोविड-19 वैक्सीनेशन की पहली खेप आने पर स्वयं जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय और स्वास्थ्य विभाग के वरिठ अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने वैक्सीन का स्वागत किया।
जिलाधिकारी सहित मौके पर उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने तालियां बजाकर वैक्सीन की पहली खेप का स्वागत किया। सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने वैक्सीन को लेकर आने वाली वैक्सीन वैन की सील तोडकऱ ताला खोला। तदुपरांत जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी ने नारियल तोड़कर इसका स्वागत किया। जिलाधिकारी ने बताया कि आज भारत सरकार की ओर से जनपद गाजियाबाद को 2710 वॉईल दिए गये हैं। प्रत्येक वॉईल में 10 कोविड वैक्सीन हैं। जिसे सुरक्षित तरीके एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप जिला एमएमजी अस्पताल स्थित आईडीएसपी बिल्डिंग में बनाए गए जिला स्तरीय वैक्सीन स्टोर में उपलब्ध डी फ्रिजरों में निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखा गया है।
उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को आयोजित होने वाले टीकाकरण सत्रों पर लगभग 700 स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी। ज्ञातत्व है कि वैक्सीनेशन के सफल कियान्वयन हेतु जनपद में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रथम एवं द्वितीय ड्राईरन का आयोजन किया जा चुका है, जिसके लिए प्रशासन द्वारा पूर्ण आशा व्यक्त की जा रही है कि 16 जनवरी को शुरू होने वाले कोविड वैक्सीनेशन कार्यक्रम पूरे जनपद में व्यवस्थित ढंग से होगा और बिना किसी बाधा के साथ उस दिन लगभग 700 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी एन.के. गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी जी.के. मिश्रा आदि मौजूद रहे।
















