-गांवों में स्वास्थ सेवाओं की बेहतरी के लिए तैयारियां शुरू
-सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ केन्द्रों पर बढाई जाएगी बेड्स की संख्या
गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने की मुहिम छेड़ी है। इसी कड़ी में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से निपटने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के संबंध में जिलाधिकारी ने कलेक्टे्रट सभागार में प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। बैठक में सीएमओ ने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोना संक्रमण के उपचार के लिए वर्तमान में 30-30 बैड्स उपलब्ध हैं तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वर्तमान में 5-5 बैड्स उपचार के लिए उपलब्ध हैं। डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 30 बैड्स के स्थान पर इसे बढ़ाकर 50-50 बैड्स की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रोंं पर 5-5 बैड्स की संख्या को बढ़ाकर 15-15 किए जाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त डीएम ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रोंं पर पल्स ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर, मेडिकल दवाओं की किट एवं एक-एक ऑक्सीजन कंसंनटे्रटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कोविड संक्रमित मरीज का तत्काल प्रारंभिक उपचार सुनिश्चित कराया जा सके। इसी क्रम में डीएम ने जनपद के सभी 145 हैल्थ केयर सेंटरों को पुर्नजीवित करने के उद्देश्य से उनकी वर्तमान हालत जानने के लिए जनपद की तीनों तहसीलों पर एक-एक जांच समिति का गठन किया है। जांच समिति में पीडब्लूडी एवं ग्रामीण अभियंत्रण सेवाओं के सहायक अभियंताओं व अवर अभियंताओं को शामिल किया गया है। गठित टीम हैल्थ केयर सेंटर का भौतिक निरीक्षण कर उसे पुर्नजीवित करने के उद्देश्य से अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएगी। डीएम ने कहा कि जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर उन सेंटरों को टेस्टिंग सेंटर के रूप में डेवलप कराया जाएगा।
जहां कोरोना संक्रमण से उपचार के लिए सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहेंंगे, ताकि कोरोना संक्रमित मरीज को तत्काल प्रारंभिक उपचार समय से मिल सके। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए 12 साल तक के बच्चों के उपचार के लिए जिलाधिकारी ने संजय नगर स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय में 10 पीकू बैड एवं जिला महिला चिकित्सालय में 12 पीकू बैडों की व्यवस्था कराने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए है। इस संबंध में समस्त व्यवस्था के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं डॉ. मुंशीलाल को निर्देशित किया गया है।
डीएम ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने तहसील मोदीनगर स्थित असालतनगर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं हिसाली में हैल्थ केयर सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कतिपय पायी गयी कमियों को दूर करने के लिए सीएमओ को निर्देश दिए। समीक्षा में अस्मिता लाल मुख्य विकास अधिकारी, डॉ. एन.के. गुप्ता मुख्य चिकित्साधिकारी, संतोष कुमार वैश्य अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), डॉ. आर.के. गुप्ता डिप्टी सीएमओ, डॉ. मिथलेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा प्रतिभाग किया गया।
















