कोरोना वैक्सीन टीकाकरण को लेकर निरीक्षण का दौर जारी

कोविड टीकाकरण एवं वैक्सीन के रख-रखाव की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

गाजियाबाद। 16 जनवरी से जिले में शुरू होने वाले कोरोना वैक्सीन टीकाकरण को लेकर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बुधवार को महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन का सुरक्षित रख-रखाव एवं टीका लगाए जाने के स्थान इत्यादि का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को देखा। जिलाधिकारी पांडेय ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.के. गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. संगीता एवं अन्य मेडिकल स्टाफ को वैक्सीनेशन लगाए जाने के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस दौरान डीएम ने महिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया और प्रतिदिन पहुंचने वाले मरीजों की संख्या और कोरोना जांच के बारे में जानकारी ली। इसके बाद डीएम ने महिला अस्पताल में कोविड टीकाकरण बूथ का निरीक्षण किया और वैक्सीन के रख-रखाव की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने टीकाकरण के लिए आने वाले मरीजों के प्रवेश से लेकर उनके वेरीफिकेशन, सामान्य हेल्थ जांच और टीकाकरण करने व टीकाकरण के उपरांत मरीजों की मॉनीटरिंग कैसे होगी, इसकी जांच की। उन्होंने एक-एक व्यवस्था की गहनता से जांच की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि टीकाकरण में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की ढिलाई न की जाए। डीएम ने इस दौरान जिला स्तरीय वैक्सीन स्टोर का भी निरीक्षण कर वैक्सीन रखने के मानकों की जांच की। डीएम ने टीकाकरण कराए जाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए व गाइडलाइन के अनुरूप टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। बता दें कि गाजियाबाद में 16 जनवरी से कोराना वैक्सीनेशन शुरू होना है। इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।