गंदगी को हटाकर हरियाली युक्त शहर बनाने में जुटा निगम

नगर आयुक्त ने विजय नगर इंडस्ट्रियल एरिया में किया सघन पौधारोपण का शुभारंभ
10 हजार पौधारोपण से शहर की बढ़ेगी सुंदरता और ऑक्सीजन की होगी बढोत्तरी

गाजियाबाद। शहर को हरा भरा बनाने के लिए नगर निगम उद्यान विभाग द्वारा शहर में संघन वृक्षारोपण का अभियान लगातार जारी है। नगर निगम ने शहर को गंदगी मुक्त कर हरियाली युक्त शहर बनाने की कवायद तेज कर दी हैं। नगर निगम की इस मुहिम से जहां एक ओर शहर की हरियाली बढ़ रही है तो वहीं दुसरी और ऑक्सीजन की कमी भी दूर होती नजर आ रही है। नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने शनिवार को विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से 3200 वर्ग मीटर भूमि पर पौधारोपण का शुभारंभ किया।

उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम उद्यान विभाग द्वारा मियावाकी पद्धति से प्लांटेशन की कार्यवाही लगातार की जा रही है। कवि नगर इंडस्ट्रियल एरिया के दयानंद पार्क तथा सुभाष पार्क में सघन वृक्षारोपण किया गया। सिद्धार्थ विहार प्रताप विहार में भी सघन वृक्षारोपण किया गया। इसी प्रकार इंदिरापुरम साइट पर भी सघन वृक्षारोपण किया गया जो कि सफल रहा। छोटे-छोटे पौधे वृक्ष का रूप ले चुके हैं। जिससे ना केवल शहर की सुंदरता बढ़ रही है। बल्कि ऑक्सीजन में भी बढ़ोतरी का प्रयास चल रहा है। उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने प्लांटेशन को लेकर आगामी योजनाओं को सांझा करते हुए कहा कि राजेंद्र नगर इंडस्ट्रियल एरिया, लोहा मंडी औद्योगिक क्षेत्र में भी पौधारोपण की तैयारी चल रही है। जल्दी ही हजारों की संख्या में पौधारोपण किया जाएगा। पौधारोपण में विशेष सहयोग शहर के नागरिकों के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों का भी प्राप्त हो रहा है।


नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार जहां औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों के सुधार का कार्य चल रहा है। वहीं दूसरी ओर ऐसे स्थान जो खाली है उन पर भी गंदगी साफ करके पौधारोपण का कार्य चल रहा है। जिससे ना केवल उक्त क्षेत्रों की गंदगी साफ हो रही है बल्कि पौधारोपण अधिक से अधिक करने से ऑक्सीजन में भी बढ़ोतरी करने का प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा इस प्रकार पौधारोपण की चलाई जा रही मुहिम में जनप्रतिनिधियों का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है जो कि सराहनीय है। विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में 10 हजार पौधारोपण का शुभारंभ किया गया। जिसमें आसपास के निवासियों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना की।