-वैशाली के चार पार्कों का एनजीटी टीम ने किया निरीक्षण
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) से नगर निगम को हस्तांतरित वैशाली के 4 पार्कों में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य जायजा लेने के लिए शनिवार को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की टीम पार्कों में पहुंची। नगर निगम द्वारा वैशाली के इन 4 पार्कों चित्रगुप्त पार्क, डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क, कृष्णा और पोडियम पार्क का सौंदर्यीकरण कार्य कराया जा रहा हैं। इन चारों पार्कों में लगभग 46 लाख रुपए की लागत से पार्कों का सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा हैं। पार्कों की दीवारों की मरम्मत,फुटपाथ आदि कार्य कराए जा रहे है। नगर निगम के उद्यान विभाग द्वारा पार्कों को सुंदर व सुव्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों को देखने के लिए शनिवार को एनजीटी की टीम मौके पर पहुंची। एनजीटी कमिश्नर के आदेश पर एडवोकेट राहुल खुराना समेत टीम ने पार्कों का निरीक्षण किया।
पार्कों की चारदीवारी का निर्माण कार्य जारी है। इस दौरान डॉ. सुनील वैध, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी, जीडीए के अधिशासी अभियंता आलोक रंजन, उद्यान प्रभारी एसके भारती आदि अधिकारी उपस्थित रहे। एनजीटी की टीम को पार्कों के सौंदर्यीकरण के कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया से संबंधित सभी दस्तावेज भी सौंपे गए। उन्होंने पार्कों का जायजा लेने के बाद पौधारोपण भी किया। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम कार्यकारिणी में लिए गए निर्णय के अनुसार जीडीए से चार पार्कों के हैंडओवर होने के बाद इनमें सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा हैं। इन पार्कों का अब नगर निगम द्वारा रखरखाव किया जाएगा।
















