5 करोड़ की 1 हजार वर्गमीटर जमीन को निगम ने किया कब्जामुक्त

-भू-माफिया पर नकेल कसने के लिए कार्रवाई तेज

गाजियाबाद। नगर निगम की जमीन पर कब्जा किए बैठे भू-माफिया पर नकेल कसने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर बाउंड्रीवाल बनाने के चलतेनिगम प्रवर्तन दस्ते की टीम ने बुलडोजर चलाकर अकबरपुर-बहरामपुर एवं बागू विजयगनर क्षेत्र में 1 हजार वर्गमीर जमीन को कब्जामुक्त कराया। निगम की इस कार्रवाई के दौरान लोगों ने हंगामा किया। मगर नगर निगम के प्रवर्तन दस्ता और पुलिस की टीम के चलते उनकी एक न चली। पुलिस के लाठी फटकारते ही लोग तितर-बितर हो गये। निगम ने करीब 5 करोड़ रुपए की जमीन कब मुक्त कराई। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर से जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत की गई थी। नगर आयुक्त के निर्देश पर मंगलवार को अपर नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी आरएन पांडेय के निर्देशन में प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ, विजयनगर जोनल प्रभारी बनारसी दास, अवर अभियंता दिनेश शर्मा एवं प्रवर्तन दस्ते की टीम ने पहले अकबरपुर-बहरामपुर में कब्जा की गई करीब 500 वर्गमीटर जमीन बनाए कमरे, बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इसके बाद विजयनगर क्षेत्र में बागू में खाली पड़ी करीब 500 वर्गमीटर जमीन पर कब्जा किए जाने के चलते जेसीबी मशीन चलाकर जमीन को कब्जामुक्त कराया। यहां पर निगम टीम ने जेसीबी से खुदाई कर अपनी जमीन पर कब्जा प्राप्त किया। अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय ने बताया कि अकबरपुर-बहरामपुर में कब्जामुक्त कराई गई 1000 वर्गमीटर जमीन की वर्तमान में करीब 5 करोड़ रुपए कीमत है। इस जमीन पर जल्द ही निर्माण विभाग तार फेंसिंग कराएगा। ताकि दोबारा कब्जा न कर सकें। साथ ही लोगों को चेतावनी दी गई है कि अगर दोबारा अवैध निर्माण पाया गया तो एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।