–नगर आयुक्त ने किया संपत्ति विभाग टीम के साथ औचक निरीक्षण
गाजियाबाद। नगर निगम जहां लगातार निगम की भूमि को कब्जा मुक्त करा रहा है। वही अपनी भूमि को भी चिन्हित कर कार्यवाही को आगे बढ़ा रहा है। इसी क्रम में संपत्ति विभाग की टीम के साथ नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा सिटी जोन तथा मोहन नगर जोन में औचक निरीक्षण किया गया और हिंडन विहार, घुकना, नंद ग्राम में सरकारी संपत्ति का जायजा लिया गया।
नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में अवैध रूप से निगम की भूमि पर कब्जा धारकों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की तैयारी नगर निगम द्वारा की जा रही है। जिसमें समय-समय पर अभियान भी चलाए जाते रहे हैं, संपत्ति विभाग की टीम तथा अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव संपत्ति प्रभारी को भी सरकारी भूमि चिन्हित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके चलते सोमवार को स्वयं नगर आयुक्त द्वारा संपत्ति का जायजा लिया गया।

नगर आयुक्त ने कहा कि खाली कराई गई निगम भूमियों पर जनहित में योजनाओं को लाया जाएगा जिससे शहर को लाभ प्राप्त होगा। नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाले ऐसे क्षेत्र जहां-जहां पर नगर निगम की भूमि उपलब्ध है और रिक्त पड़ी हुई है। उस पर निगम की योजनाएं जैसे कि ट्रांसफर स्टेशन, गैराज या अन्य कार्य में उपयोग में लिया जाएगा। जोकि निगम हित में लाभकारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान डॉ मिथिलेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग की अन्य टीम उपस्थित रही।
















