कोविड से बचाव के लिए निगम ने किया जागरूक

-लोगों में जागरूकता से कोरोना संक्रमण पर लगेगी रोक

गाजियाबाद। कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए गाजियाबाद नगर निगम द्वारा प्रत्येक जोन में प्रचार कराया जा रहा है। पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम को व्यवस्थित करने के लिए नगरायुक्त द्वारा नोडल अधिकारी अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडे को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम के अंतर्गत कोविड-19 संक्रमण से बचाव हेतु शासन द्वारा जारी गाइड लाइन को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य नगर निगम द्वारा व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है। शासन द्वारा निर्धारित 10 से 15 सेकंड का संदेश नागरिकों तक अनाउंसमेंट के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा है। पांचों जोन प्रभारियों द्वारा क्षेत्र में कोविड-19 सक्रमण से बचाव के लिए प्रचार किया जा रहा है कि दो गज की दूरी बनाए रखें। मास्क का प्रयोग करें, बेवजह घर से बाहर ना निकलें, हाथ को अधिक से अधिक साबुन से धोएं, सैनिटाइजर का प्रयोग करें। वैक्सीन लगवाने व अन्य संदेश जनहित में प्रसारित किए जा रहे हैं। महापौर आशा शर्मा व नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के अथक प्रयास से लगातार शहर में फॉगिंग व सैनिटाइजेशन के साथ-साथ हर व्यवस्था देखी जा रही है, जिससे नगरवासी कोविड-19 संक्रमण से बच सकें। स्वास्थ्य प्रहरी गाजियाबाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों हेतु साबुन मास्क सैनिटाइजर व अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।मुश्किल की इस घड़ी में नगर निगम परिवार शहरवासियों के साथ है तथा क्षेत्रीय पार्षदों, टीम 100 वॉलिंटियर्स का अमूल्य सहयोग प्राप्त हो रहा है। नगरायुक्त द्वारा क्षेत्रवासियों को कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजेशन, फॉगिंग कराने के लिए जारी किए गए व्हाट्सएप नंबर 8595954436 पर अपना पता व मोबाइल नंबर भेजने के लिए अपील की गई है। साथ महापौर द्वारा स्वास्थ्य प्रहरीयों का सहयोग करने की भी अपील की गई।