रास्तों पर गिरे पेड़ो को युद्ध स्तर पर हटा रहा निगम

-यातायात सुचारू होने से नागरिकों को मिल रही राहत

गाजियाबाद। मूसलाधार वर्षा के दौरान शहर में विभिन्न मार्गों पर पेड़ों के गिरने से यातायात बाधित हो गया था। कई स्थानों पर आवागमन में नागरिकों को कठिनाई हो रही थी। नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर नगर निगम द्वारा रास्तों से पेड़ों को हटाने का कार्य वृहद स्तर पर किया जा रहा है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशानुसार उद्यान विभाग टीम ने वर्षा के दौरान अपने-अपने जोनों में सड़कों पर पूरी तरह से नजर बनाए रखी तथा पेड़ गिरने के साथ ही तत्काल मशीनरी द्वारा काटकर रास्तों से हटाया गया ताकि आवागमन में नागरिकों को सुविधा रहे। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि वर्षा की शुरुआत से ही टीम को जोन वाइज बांट दिया गया था ताकि किसी भी दुर्घटना से पूर्व टीम वहां उपस्थित रहे और प्राकृतिक रूप से गिरने वाले वृक्षों को साथ के साथ ही मार्गों से हटाया जा सके। इसी के अनुरूप उद्यान विभाग के समस्त मालियों द्वारा अपना कार्य बहुत ही जिम्मेदारी के साथ निभाया जा रहा है। पेड़ों को शहर के विभिन्न मार्गों से हटाया गया तथा उन्हें समय से ही ट्रैक्टर में डाल कर उचित स्थान पर भेजा गया है। कविनगर जोन के अंतर्गत 8 से 10 वृक्ष संजय नगर, कविनगर शास्त्री नगर के मुख्य मार्गों पर गिरे जिन पर तत्काल प्रभाव से हटाया गया। मोहन नगर जोन के अंतर्गत राजेंद्र नगर श्याम पार्क से मार्गों को पेड़ हटाकर खाली किया गया। सिटी जोन के अंतर्गत लोहिया नगर में पानी की टंकी कंपाउंड तथा गुरु नानक स्कूल वाले रास्ते से पेड़ों को हटाया गया। विजय नगर जोन में वार्ड संख्या-58 सेक्टर-9, वार्ड संख्या-25 सेक्टर-9 एफ ब्लॉक से पेड़ों को हटाकर मार्ग साफ किया गया। इसी प्रकार वसुंधरा जोन में सूर्य नगर, वसुंधरा सेक्टर-15 व 1 में गिरे पेड़ों को तत्काल उद्यान विभाग टीम द्वारा हटाकर शहरवासियों को आने जाने में सुविधा दिलाई गई। ऐसे में नागरिकों ने नगर निगम के उद्यान विभाग की टीम के प्रशंसनीय कार्य की सराहना की तथा सहयोग भी प्रदान किया। भीषण वर्षा के दौरान नगर निगम के समस्त अधिकारियों सहित महापौर तथा नगरायुक्त द्वारा भी शहर का लगातार जायजा लिया गया। पार्षदों व क्षेत्रीय नागरिकों का इस काम में भरपूर सहयोग मिला। जिनकी सूचनाओं के आधार पर शहर में जल निकासी हेतु पंप लगाने, नाला सफाई हेतु जेसीबी लगाने तथा पेड़ रास्तों से हटाने के लिए मालियों की टीम लगाने का कार्य कराया जा सका।