बकाएदारों के खिलाफ निगम ने चलाया अभियान, काटे सीवर के कनेक्शन

गाजियाबाद। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशानुसार सिटी जोन में नगर निगम ने अभियान के तहत बड़े बकाएदारों के खिलाफ संयुक्त वसूली अभियान चला रहा है। डिमांड बिल जारी होने के बाद जो बकाया चुकता नहीं करने पर सीवर और पानी के कनेक्शन काटना शुरू कर दिया है। गुरूवार को सिटी जोन में वार्ड संख्या-96 व 39 में बड़े बकायेदारों के विरूद्ध कुर्की, सीलिंग व सीवर कनेक्शन काटे जाने का अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जोनल प्रभारी सुधीर शर्मा ने किया। अभियान के अंतर्गत नेहरू नगर सेकंड में 3 आवासीय भवनों के सीवर के कनेक्शन काटे गए तथा 2 मकान सील कर 319950 का मौके पर बकाया धनराशि प्राप्त की गई। शुक्रवार को नेहरू नगर व अशोक नगर में बकायेदारों के विरूद्ध अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सीलिंग व सीवर कनेक्शन काटे जाने का कार्यक्रम निर्धारित है। जोनल प्रभारी सुधीर शर्मा ने बताया कि बड़े बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाकर प्रॉपर्टी सील करने और वहां लगे पानी व सीवर के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। इन सभी को नोटिस जारी करके बकाया टैक्स जमा कराने के लिए भी कहा जा रहा है। टैक्स जमा नही करने पर तुरंत ही नगर निगम की टीम दोनों कनेक्शन काटेगी। बकाया जमा करने के बाद ही नगर निगम साथ में पैनल्टी वसूलकर कनेक्शन को जोड़ेगा।