पर्यावरण सुधार के लिए लोगों को मुफ्त में निगम देगा पौधे

-संस्था, एनजीओ व उनके सदस्य भी लगाए शहर में एक पौधा माँ के नाम: सुनीता दयाल

गाजियाबाद। पूरे प्रदेश में पेड़ लगाने का अभियान चल रहा है। इसी के क्रम में कल नगर निगम ने भी 1 लाख 45 हजार पौधे जगह जगह लगाए है। जिसमे सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी अहम भूमिका निभाई है। महापौर सुनीता दयाल ने शहर की सभी संस्थाओं, एनजीओ, हॉस्पिटल, कॉलेज, फैक्टरियों एवं हर एक व्यक्ति से एक पौधा माँ के नाम लगाने की अपील करते हुए कहा कि किसी को भी पौधे की आवश्यकता है तो नगर निगम से पौधों की व्यवस्था कराई जाएगी और जो संस्था स्वयं सक्षम है वह खुद भी पेड़ लगाए और अन्य लोगों से भी पौधे लगवाए और उपरोक्त पौधे के पालन पोषण का भी संकल्प लें। जिससे भविष्य वह पेड़ शहर की प्रकृति के रूप में काम आ सकें और इसी प्रकार शहर में व्यापारी भी अपनी अपनी दुकान के सामने एक पेड़ लगाए और उसकी देखरेख करे भविष्य में दुकान के बाहर छांव रहेगी और शहर हित में सदैव पेड़ प्रदूषण कम करता रहेगा।

इसके साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र के लोग भी उसी क्षेत्र में पौधरोपण करने का संकल्प लें। क्योंकि सबसे अधिक प्रदूषण औद्योगिक क्षेत्र में ही पाया जाता है और पौधरोपण से औद्योगिक क्षेत्र के साथ साथ शहर का प्रदूषण कम होगा और शहरवासियों को भी सांस लेने के लिए अच्छी हवा मिलेगी। बल्कि जो लोग सक्षम है वह मियावाकी पद्धति से पौधरोपण करें। पूर्व में नगर निगम ने मियावाकी पद्धति से पौधरोपण किया है जो आज घना जंगल का रूप धारण कर चुका है और शहर हित में प्रदूषण को रोकने का रामबाण का कार्य कर रहा है।