-पिछले वर्ष से इस वर्ष 64 करोड़ रुपये की अधिक वसूली कर बनाया रिकॉर्ड
-शहर के विकास में टैक्स जमा करना नागरिकों की पहली जिम्मेदारी
गाजियाबाद। शहर विकास को लेकर आर्थिक परेशानी नहीं होगी। दरअसल नगर निगम का खजाना लगातार भर रहा है। जहां एक तरफ नगर निगम बकाया वसूली के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगा रहा है वहीं करदाता भी स्वेच्छा से आगे आकर कर जमा कर शहर विकास में योगदान दे रहे हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले वर्ष पांच माह अप्रैल से अगस्त तक इस वर्ष 64 करोड़ रुपये की अधिक वसूली की है। नगर आयुक्त के नेतृत्व में टैक्स विभाग की टीम हर बार पिछले रिकॉर्ड को तोड़कर नया रिकॉर्ड बनाते हुए आगे बढ़ रही है। वहीं हाई राइज बिल्डिंग में टैक्स से छूटे हुए फ्लैटों पर भी जल्द कार्यवाही करने की भी योजना टैक्स विभाग ने तैयार कर ली है। शनिवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संपत्ति कर वसूली को रफ्तार देने के लिए नगर निगम के पांचों जोनल प्रभारी सहित टैक्स विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में नगर आयुक्त ने ऐसे भवन जो अभी भी टैक्स से छूटे हुए हैं, उन पर एक सप्ताह में कार्यवाही करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। हाई राइज सोसाइटी में ऐसे फ्लैट जो टैक्स से छूटे हुए हैं उन पर भी एक सप्ताह में अभियान के रूप में टैक्स वसूली कैंप लगाकर कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं इस वर्ष अधिक वसूली होने पर टीम की पीठ भी थपथपाई। नगर निगम द्वारा संपत्ति कर वसूली में पिछले वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष 64 करोड़ की अधिक वृद्धि की गई है। पिछले वित्तीय वर्ष में 1 अप्रैल से 31 अगस्त तक लगभग 84 करोड़ 61 लाख की वसूली की गई थी। इस वर्ष नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में योजना से कार्य करते हुए 1 अप्रैल से 31 अगस्त तक 148 करोड़ 15 लाख की वसूली की गई है। नगर आयुक्त ने इसी प्रकार कार्यों को रफ्तार से बढ़ाने के लिए योजनानुसार कार्य करने के लिए टीम को निर्देश दिए।
इसी क्रम को आगे बढ़ते हुए नगर आयुक्त द्वारा टॉप 50 ऐसे बकाएदार जो कि बड़े बकायेदार हैं। उनकी सूची बनाते हुए उन पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सभी जोन में 50-50 बड़े बकायेदार की सूची तैयार की गई है। जिसे लगभग 1 सप्ताह के भीतर 64 करोड़ की वसूली का टारगेट रखा गया है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा ने बताया नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार लगातार कड़ी मेहनत के साथ कर वसूली का कार्य चल रहा है। करदाताओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन प्रक्रिया से भी टैक्स वसूली का कार्य चल रहा है और अवकाश दिवस में भी कैंप लगाकर वसूली की जा रही है।
नगर आयुक्त द्वारा कमर्शियल बिल्डिंग पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। जिसके लिए 10 दिवस का समय दिया गया है। नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाले सभी कमर्शियल भवन पर कार्यवाही करते हुए नोटिस जारी किए जाएंगे और कर वसूली की जाएगी। नगर आयुक्त द्वारा समस्त करदाताओं को अपने-अपने जोन में कमर्शियल भवन जो कि टैक्स से छूटे हुए हैं उन पर प्राथमिकता पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
बकाया टैक्स जमा कर उठाए 10 प्रतिशत छूट का लाभ
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी करदाताओं से सितंबर माह में 10 प्रतिशत छूट का लाभ लेते हुए अपना टैक्स जमा करने के लिए अपील की है। शहर के विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वह समय से हाउस टैक्स जमा करें। जिससे नगर निगम द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ भी मिल सकें। जिसके लिए नगर आयुक्त द्वारा करदाताओं से अपील की गई है।

















