केमिस्ट एसोसिएशन गाजियाबाद की अपील
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण कब खत्म होगा? कितने लोग इससे प्रभावित हो सकते हैं? इस बारे में फिलहाल कोई भी कुछ भी बताने से कतरा रहा है। विभागीय अधिकारियों के पास इसका कोई जवाब नहीं है। विशेषज्ञ एवं चिकित्सकों के अनुसार कोरोना से लड़ाई लंबी है। जब तक दवाई नहीं आ जाती है, तब तक ढिलाई ठीक नहीं है। वैक्सीन आने तक संक्रमण से सुरक्षा के लिए मास्क ही पहली वैक्सीन है। मास्क एवं दो गज की दूरी हर एक लोगों के लिए जरूरी है। कोरोना वायरस से बचने के लिए मास्क पहनना बहुत जरूरी है। मास्क पहनने से हम खुद को और दूसरे लोगों को भी कोरोना के संक्रमण से बचा सकते हैं। 
केमिस्ट एसोसिएशन गाजियाबाद ने सभी फुटकर दवा व्यापारियों से खांसी-जुखाम, बुखार एवं सांस लेने में तकलीफ के मरीजों की जानकारी निश्चित प्रारूप पर व्हाट्स-अप से जिला प्रशासन को देने की अपील की है। केमिस्ट एसोसिएशन गाजियाबाद के अध्यक्ष राजदेव त्यागी व महामंत्री देवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि सभी फुटकर दवा व्यापारियों से इस बावत सहयोग करने की अपील की गई है। उनका कहना है कि इससे कोरोना संक्रमित मरीज की समय रहते पहचान हो सकेगी। साथ मरीज को वक्त पर उपचार मिलने के अलावा संक्रमण को फैलने से रोका जा सकेगा। कोविड-19 (कोरोना वायरस) के मद्देनजर सरकारी तंत्र काफी एहतियात बरत रहा है। प्रशासन ने सभी दवा व्यापारियों से उन मरीजों का ब्यौरा मांगा है, जो खांसी-जुखाम, बुखार एवं सांस लेने में तकलीफ होने पर दवा खरीद रहे हैं। इन मरीजों का विवरण निर्धारित प्रारूप पर मोबाइल नंबर, नाम एवं निवास स्थान का पता सहित व्हाट्स एप द्वारा भेजने के निर्देश दिए गए हैं। केमिस्ट एसोसिएशन गाजियाबाद के अध्यक्ष राजदेव त्यागी ने कहा कि दिल्ली से सटी कॉलोनी है और संक्रमण से बचाव के लिए मास्क पहनना जरूरी है। जल्द ही घर-घर जाकर लोगों से मास्क पहनने की अपील की जाएगी। जगह-जगह पम्पलेट और पोस्टर भी लगवाए जाएंगे। बाजार में लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरूक किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क जरूरी है। निर्देशानुसार प्रतिदिन प्रशासन को इसकी सूचना अनिवार्य तौर पर दी जाएगी।
















