गाजियाबाद। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए वार्ड-72 में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। सैनिटाइजेशन किया गया और नालियों की सफाई का काम किया गया। क्षेत्रीय भाजपा पार्षद मनोज गोयल के नेतृत्व में शनिवार को नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग ने कौशांबी में जगह-जगह कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया।
बरसात के कारण जगह-जगह हुए जलभराव के चलते डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया अन्य संचारी रोग फैलने की संभावना बनी हुई है। जिसकी रोकथाम के लिए कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव कौशांबी में जगह-जगह कराया गया। भाजपा पार्षद मनोज गोयल ने कहा शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुपालन में रोगों से बचाव के लिए सभी वार्ड में स्वच्छता निरीक्षकों की देखरेख में विशेष स्वच्छता जागरूकता एवं अभियान भी चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा डेंगू व अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए युद्धस्तर पर एंटी लार्वा का छिड़काव, नालियों में जला हुआ तेल डालने के अलावा फागिंग भी कराई जा रही है। पार्षद ने कहा डेंगू से बचाव के लिए घरों में पानी एकत्र न होने दें, घर में साफ-सफाई रखने के साथ शारीरिक सफाई का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है। खांसी-जुकाम, नजला, बुखार आने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें।
















