सिविल सेवा परीक्षा में मिली 112वीं रैंक, गांव में जश्न
गाजियाबाद। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा-2020 में आदित्य भाटी ने 112वीं रैंक प्राप्त कर ग्रेटर नोएडा का नाम देशभर में रोशन कर दिया है। देवटा गांव निवासी आदित्य को इस उपलब्धि के लिए निरंतर बधाई मिल रही है। बेटे की कामयाबी से परिवार भी बेहद खुश है। नगर निगम के पार्षद महेंद्र चौधरी और अरविंद चौधरी चिंटू ने रविवार को आदित्य भाटी के घर पहुंच कर उनके पिता आजाद भाटी को बधाई दी। पार्षद महेंद्र चौधरी व अरविंद चौधरी चिंटू के अलावा मास्टर खेम चंद व रजनीश नागर ने आजाद भाटी से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि यह सफलता आदित्य की कड़ी मेहनत का ही प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि आदित्य भविष्य में देश एवं समाज की सेवा में अह्म जिम्मेदारी निभाएंगे। पार्षद महेंद्र चौधरी का कहना है कि आदित्य भाटी को मिली कामयाबी से वह काफी प्रसन्न हैं। बता दें कि आदित्य ने आईआइटी दिल्ली से 2015 में मैकेनिकल में बीटेक किया था। इसके बाद पढ़ाई के दरम्यान सिविल सेवा की तैयारी आरंभ कर दी थी। 2018 में आदित्य का चयन भारतीय वन सेवा (आईएफएस) में हो गया। हालाकि वह प्रशासनिक व पुलिस सेवा के माध्यम देश की सेवा करने को आतुर रहे। देहरादून में आईएफएस की ट्रेनिंग के दौरान वह पुन: तैयारियों में जुट गए। वर्तमान में मध्य प्रदेश के जनपद शहडोल में आदित्य की टेÑनिंग जारी है।
आदित्य की माता जी शांति का कहना है कि वह बचपन से सिविल सेवा में जाना चाहते थे। उनके पिता आजाद सिंह भाटी का भी यही सपना था। आदित्य की मेहनत रंग लाते देख माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं है। आदित्य की मां शांति दिल्ली सरकार के सीनियर सेकेंड्री स्कूल में उप-प्रधानाचार्या रही हैं। पिता भी दिल्ली सरकार के सीनियर सेकेंड्री स्कूल में इकनॉमिक्स के प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। आदित्य भाटी की 10वीं की पढ़ाई डीएवी पब्लिक स्कूल ब्रिज विहार से हुई थी। आदित्य ने डीएवी पब्लिक स्कूल दयानंद विहार दिल्ली से 12वीं की थी। बहन रिचा एमए व बीएड कर सिविल सेवा की तैयारी में जुटी हैं। आदित्य भाटी के चयन से देवटा गांव में चौतरफा खुशी का माहौल है।
















