भू माफियाओं व अवैध अतिक्रमण के खिलाफ पार्षदों ने नगर आयुक्त को दी जानकारी

नगर आयुक्त ने दिए कार्यवाही के निर्देश, अवैध अतिक्रमण व कब्जा नहीं होगा बर्दाश्त

गाजियाबाद। शहर की समस्याओं के निस्तारण के लिए सोमवार को नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने अपने कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्या सुनी। शहर के कई क्षेत्रों की अलग-अलग समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्यवाही की गई। जिसमें मुख्य रूप से अवैध अतिक्रमण तथा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने की समस्याओं पर चर्चा की गई। शहर के वर्तमान तथा पूर्व पार्षदों द्वारा निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त कार्यालय से मुलाकात की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराने के लिए चिंता जाहिर की। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों की जानकारी नगर आयुक्त तथा संबंधित अधिकारी अरुण कुमार यादव अपर नगर आयुक्त को दी। नगर आयुक्त ने संपत्ति अधीक्षक भोलेनाथ गौतम तथा वरिष्ठ संपत्ति प्रभारी अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को प्राप्त सूचना के आधार पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। विजय नगर, मोहन नगर जोन में सरकारी संपत्तियों को चिन्हित कर खाली कराया जाएगा तथा कवि नगर जोन अंतर्गत मार्गो से अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा।

जिसके लिए टीम गठित कर कम समय में कार्य करने के निर्देश दिए। नगर निगम लगातार अवैध कब्जे से निगम की भूमि खाली करा रहा है। जिस के क्रम में अवैध रूप से बड़े हुए रैंप, अवैध रूप से बनी हुई दुकाने और खोखे हटाने के लिए कार्य योजना बनाई गई। महापौर सुनीता दयाल तथा नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ द्वारा शहर में कहीं भी कब्जा की गई भूमि को कब्जा धारकों द्वारा स्वयं खाली करने के लिए सचेत किया। नगर आयुक्त ने कहा अवैध अतिक्रमण एवं नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए खुद ही अवैध निर्माण को हटा लें और जमीन को खाली कर दें, नहीं तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान वार्ड संख्या 91 के पार्षद हिमांशु शर्मा, वार्ड संख्या 27 के पार्षद नरेश जाटव, वार्ड संख्या 45 के पूर्व पार्षद विजेंद्र चौहान, वार्ड संख्या 78 के पूर्व पार्षद पप्पू पहलवान, वार्ड संख्या 24 के पार्षद पवन कुमार गौतम, वार्ड संख्या 80 के पार्षद राहुल शर्मा, वार्ड संख्या 48 के पूर्व पार्षद हाजी आसिफ, वार्ड संख्या 13 के पूर्व पार्षद संजय कुमार, वार्ड संख्या 90 पार्षद आदिल मलिक, वार्ड 91 पार्षद शिवम शर्मा व अन्य शहर के कई निवासी द्वारा नगर आयुक्त के समक्ष अपना विषय रखा गया।