पुलिसकर्मियों को दिया कोविड हेल्प डेस्क का प्रशिक्षण

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते पुलिसकर्मियों एवं थानों में आने वाले आंगुतकों को कोरोना से बचाव के लिए पुलिसकर्मियों को कोविड हेल्प डेस्क का प्रशिक्षण दिया गया। गुरूवार को डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक के निर्देश पर हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन मैदान में यह प्रशिक्षण दिया गया। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि पुलिस लाइन में सभी 21 थानों के 2 पुलिसकर्मियों को मिलाकर 44 पुलिसकर्मियों को परेड ग्राउंड में कोविड हेल्प डेस्क से संबंधित प्रशिक्षण दिया। इसमें पल्स ऑक्सी मीटर, थर्मल स्कैनर आदि का सही तरीके से इस्तेमाल करने और रीडिंग का रिकॉर्ड करने का तरीका बताया गया। कोरोना संक्रमण के लक्षण और खतरों के बारे में जागरूक किया। कोरोना संदिग्ध की पहचान के लिए तापमान स्तर, दिल की धड़कन और ऑक्सीजन लेवल जानना जरूरी है। यदि स्क्रीनिंग में स्थिति सामान्य न हो तो संबंधित व्यक्ति का चिकित्सीय परीक्षण करवाया जाए। इसके साथ ही थानों से लेकर सड़कों पर ड्यूटी देेने वाले पुलिसकर्मी भी नियमित रूप से अपनी जांच करवाते रहें। जिन पुलिसकर्मियों की रीडिंग सामान्य से कम है और लक्षण है, उनहें तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए। कोविड हेल्प डेस्क पर जो भी पुलिसकर्मी तैनात है, उन्हें मास्क, सैनिटाइजर, फेस शील्ड के इस्तेमाल लगातार करने के निर्देश दिए गए।