घरेलू विवाद में खौफनाक कदम, पिता ने मासूम बेटी संग जान दी

गाजियाबाद। शहर में घरेलू विवाद में सनसनीखेज घटना सामने आई है। पिता ने मासूम बेटी के साथ फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद बाप-बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर पूरे मामले की जांच चल रही है। विजय नगर थाना क्षेत्र में यह मामला प्रकाश में आया है। पुलिस के मुताबिक अमित कुमार ने अपनी मासूम बेटी भूमिका के साथ ब्रहस्पतिवार की रात फांसी लगाकर जान दे दी।

अमित इंदिरापुरम में पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था। अमित की शादी विगत 28 फरवरी 2019 को शिवानी के साथ हुई थी। आगामी 28 फरवरी को दंपति की शादी की सालगिरह थी। इसके पहले यह घटना होने से पूरे परिवार में कोहराम मचा है। एसएचओ विजय नगर योगेंद्र मलिक का कहना है कि अमित शराब पीने का आदी था। वह अक्सर रात में शराब पीकर घर लौटता था। इसके चलते पति-पत्नी में विवाद होता रहता था।

गत रात को भी अमित शराब पीकर घर आया था। इसके बाद अमित और शिवानी में विवाद हो गया था। इसके आद उसने मासूम बेटी के साथ खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।