गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की दुसरी लहर लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में भी बढोत्तरी हो रही है। हालात इस कदर बेकाबू होते नजर आ रहे है कि हर दुसरा व्यक्ति इसकी चपेट में आ रहा है। जिसको लेकर हड़कंप मचा हुआ है। इसी के चलते मंगलवार को संयुक्त जिला अस्पताल में 45 साल के ऊपर के लोगों की वैक्सीन लगवाने को लेकर मारामारी मची रही। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा गया। जिससे कोरोना संक्रमण को बल मिल रहा है। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में रात दिन इजाफा हो रहा है। हर दूसरा व्यक्ति इसकी चपेट में है। तमाम प्रयासों के बाद भी इसमें कमी नहीं आ रही है। हालात इस कदर बिगड़े हुए हैं कि जहां लोगों को अस्पतालों में इलाज के लिए बेड नहीं मिल रहा है, वहीं श्मशान घाट पर भी लोगों को शवों के अंतिम संस्कार के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि नगर निगम द्वारा अंतिम संस्कार के लिए नए आठ प्लेटफार्म बनाए गए हैं। पुलिस प्रशासन के अधिकारी सड़क पर उतरकर लोगों से कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील कर रहे हैं। बावजूद इसके बहुत से लोग सुधरने को तैयार नहीं है। वहीं 1 मई से 18 साल के ऊपर वालों को वैक्सीन लगनी शुरू होनी थी, लेकिन वैक्सीन की आपूर्ति कम होने के चलते यह प्रतिक्रिया अभी शुरू नहीं हो सकी है। जिसको लेकर युवा मायूस हैं। उनका कहना है कि शासन से लेकर प्रशासन तक कोविड व्यवस्था को लेकर पूरा गणित बिगड़ा हुआ है। जिसके चलते अभी तक उन्हें व्यक्ति नहीं लग सकी है, जबकि वैक्सीन लगवाने के लिए हो रहे रजिस्ट्रेशन की संख्या लाखों तक पहुंच गई है।
















