दिल्ली की शराब अब गाजियाबाद में करा रही घरेलू कलह

  • अवैध शराब समेत व्यक्ति गिरफ्तार, बाइक सीज

गाजियाबाद। दिल्ली की सस्ती एवं अवैध शराब गाजियाबाद में घरेलू कलह का कारण भी बनने लगी है। शराब सस्ती मिलने की वजह से शौकीन ना सिर्फ पहले से ज्यादा खरीद रहे हैं बल्कि सेवन भी कर रहे हैं। इससे शराब के शौकीनों की जेब ढीली होने के साथ घर-घर में विवाद उभर रहे हैं। देश की राजधानी में इन दिनों शराब के दाम काफी कम है। शराब की खरीदारी पर डिस्कॉउंट भी मिल रहा है। यानी एक बोतल के साथ एक बोतल फ्री में दी जा रही है। शराब तस्कर और शौकीन दिल्ली की इस स्कीम का लाभ उठाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। गाजियाबाद में शराब की तस्करी को भी बढ़ावा मिला है। दिल्ली से गाजियाबाद में निरंतर अवैध तरीके से शराब खरीद कर लाई जा रही है।

हालाकि जिला आबकारी विभाग शराब तस्करों से निपटने के लिए काफी मुस्तैद है। उधर, दिल्ली की शराब ने गाजियाबाद में घर-घर में विवाद कराने शुरू कर दिए हैं। इसका कारण यह है कि सस्ती शराब की लालसा में इसके शौकीन दिल्ली जाकर ज्यादा शराब खरीद लाते हैं। बाद में वह पहले से ज्यादा शराब का सेवन करते हैं, जिससे घरेलू कलह होना आम बात हो गई है। बेवड़ों के पारिवारिक मामले चौकी एवं थानों तक भी पहुंच रहे हैं। आबकारी विभाग भी ऐसे शौकीनों को सबक सिखाने के लिए कोई कोर कसर नही छोड़ रहा है। दिल्ली बोर्डर के साथ-साथ संकरी गलियों में भी अब आबकारी विभाग की टीम सक्रिय नजर आ रही है। दिल्ली की शराब लेने के लिए तस्करी क्षेत्र की गलियों का प्रयोग कर रहे है, लेकिन उस गली में पहले ही आबकारी विभाग ने अपना पहरा लगा दिया है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब समेत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आबकारी निरीक्षकों की टीम द्वारा शनिवार देर शाम दिल्ली बॉर्डर, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट ,भोपुरा चेक पोस्ट, लोनी बॉर्डर पर चेकिंग की गई। आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय की टीम ने विजय नगर स्थित सिद्धार्थ विहार के पास होंडा शाइन बाइक से परिवहन करते हुए 2 हॉफ रॉयल स्टैग, 5 क्वार्टर रॉयल स्टैग दिल्ली मार्का समेत आरोपी युवक जितेंद्र पुत्र राम त्रिपाठी को गिरफ्तार किया गया। जिसके खिलाफ विजयनगर थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 में अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा गया। उन्होंने बताया कि दिल्ली की सस्ती और फ्री के चक्कर में लोग अपना जीवन मुश्किल में तो डाल ही रहे है। साथ ही इसका असर घर खर्च पर भी पड़ रहा है। जो व्यक्ति पहले एक क्वार्टर, हॉफ या फिर बोतल खरीदता था अब वह पेटी खरीद कर स्टॉक कर रहा है। जिस कारण उसका अधिक पैसा शराब में ही जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्र्रवाई करने के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार हाईवे, चेक पोस्ट, बोर्डर से सटे क्षेत्रों में भी निगरानी किए हुए है। लगातार लोगों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि दिल्ली की शराब खरीदकर अपना और अपने परिवार को जीवन संकट में न डाले। दिल्ली की शराब मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध शराब का कारोबार बिल्कुल भी बर्दास्त नही किया जाएगा।