शादी समारोह में दो सौ व्यक्तियों की अनुमति की मांग

-वेंडिंग मैनेजमेंट एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

गाजियाबाद। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के एक बार फिर से तेजी पकडऩे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को हाईअलर्ट पर कर दिया है। हाहाकार मचा रहे कोरोना से सतर्क उत्तर प्रदेश सरकार ने फिर सामूहिक आयोजनों पर पाबंदी लगाने का फैसला लिया है। शुक्रवार को शादी और अन्य समारोह में 200 व्यक्तियों व खुले स्थान पर क्षेत्र के आधार पर 200 से अधिक व्यक्तियों की अनुमति दिए जाने और रात्रिकालीन कफ्र्यू का समय 11 बजे किए जाने की मांग को लेकर वेंडिंग मैनेजमेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। अध्यक्ष अशोक चावला ने बताया कि शादी की तरह धार्मिक अनुष्ठान वर्ष में केवल 40 से 50 दिन के शुभ मुहूर्त पर आधारित होते हैं जो कि धार्मिक पंचांग पर आधारित हैं। कोविड-19 महामारी के कारण टेंट हाउस, बैंक्विट हॉल, फॉर्म हाउस, कैटरर्स और इससे संबंधित कार्य करने वाले सभी व्यापारी व कर्मचारी 22 मार्च 2020 से आज तक (कुछ समय को छोड़कर) शादी व अन्य समारोह के कार्य नहीं कर पाए। पिछले 1 वर्ष तक कार्य नहीं होने के कारण हम और हमारे कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बहुत दयनीय हो गई है। आज हम फिर वही दोराहे पर खड़े हैं जहां 22 मार्च 2020 में लॉकडाउन लगने के पश्चात हमारी अप्रैल मई-जून की सभी शादी व अन्य समारोह रद्द हो गए थे। अब फिर से वर्ष 2021 में अप्रैल, मई व जून की शादी व अन्य समारोह कैंसिल हो रहे हैं या 50-100 व्यक्तियों के लिए (गाईड लाईन के अनुसार) करने के लिए मजबूर हैं। मीडिया प्रभारी सौरभ जायसवाल ने बताया सभी प्रकार के खर्चे पहले की भांति चल रहे हैं। जैसे कर्मचारी खर्च, बिजली के बिल, सभी प्रकार के टैक्स वसभी प्रकार का किराया आदि शामिल है। कुछ शादियों मां भगवती के जाने वाले नवरात्रों के समय व 22 अप्रैल से जून महीने तक शादी समारोह होने वाले हैं। इन धार्मिक और सामाजिक कार्यों को ध्यान में रखते हुए हमारे कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं। शादी व अन्य समारोह के लिए हमारे लिए 200 व्यक्तियों की अनुमति प्रदान की जाए और खुली जगह पर 200 से अधिक व्यक्तियों की क्षेत्र के आधार पर अनुमति दिए जाने की मांग मुख्यमंत्री से की। इस दौरान तिलकराज रहेजा, विवेक मोहन, मुकेश त्यागी, अतुल सिंघल, देशराज अहूजा, मोनू त्यागी, सौरभ अग्रवाल, सुधीर शर्मा, अशोक बाटला, सुखविंदर सिंह, संजय सतीजा समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहें।