ग्रामीणों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया
भाकियू ने जन जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की
उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। बाईपास में सिखैड़ा के निकट अंडरपास को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया। वहीं भाकियू ने जन जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की। सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के जंगल से होकर बनाए जा रहे दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे के बाईपास में एनएचएआई द्वारा तीन किलोमीटर दूरी पर अंडरपास दिया जा रहा है, जिसका विरोध कर रहे ग्रामीण गांव के पास ही अंडरपास दिलाने की मांग पर अड़कर किसान संघर्ष समिति के तत्वाधान में आंदोलन कर रहे हैं। जिनका बेमियादी धरना मंगलवार को 40 वें दिन भी जारी रहा। प्रधान मंसूर, नरेंद्र त्यागी, वीरपाल, देवेंद्र, सुनील, महेंद्र, सुरेश ने दावा किया कि जब तक उनकी जनहित से जुड़ी मांग पूरी नहीं होगा, तब तक उक्त आंदोलन किसी भी दशा में समाप्त नहीं किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों के आंदोलन का समर्थन कर रही भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष पवन हूण, जिला संयोजक अजय त्यागी और किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुबीश त्यागी धरने में शामिल हुए, जिन्होंने एनएचएआई समेत तहसील और जिला प्रशासन पर जनता का दबाव बढ़ाने के लिए आसपास के गांवों में जन जागरूकता अभियान चलाकर सर्वसमाज को एकजुट करने की घोषणा की।















