शादी व अन्य समारोह को रात में करने की मांग

-कवर्ड एरिया में 100 व खुले में 200 व्यक्तियों की अनुमति के लिए सीएम को भेजा पत्र

गाजियाबाद। शादी व अन्य समारोह को रात्रि में करने की अनुमति देने तथा एक समय में एक साथ कवर्ड एरिया में 100 व्यक्तियों की व खुले क्षेत्र में 200 व्यक्तियों की अनुमति देने व आर्थिक सहायता प्रदान करने के संबंध में उत्तर प्रदेश टेन्ट व्यापारी एसोसिएशन द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चावला और प्रदेश महामंत्री रमाकांततिवारी की ओर से लिखे गए पत्र में कहा कि टेंट व्यवसाय, फार्म हाउस, बैंकट हॉल, मैरिज लॉन, कैटरर्स व इससे जुड़े कार्य शुभ मुहूर्त के अनुसार वर्ष में 60 से 70 दिन ही हो पाते हैं। परंतु पिछले वर्ष 20 मार्च 2020 से आज तक कोविड-19 महामारी के चलते लॉकडाउन के कारण एवं शुभ मुहूर्त नहीं होने के कारण यह व्यापार पूर्ण रूप से बंद रहा है। जिस कारण सभी व्यापारियों की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। कुछ व्यापारी एवं कर्मचारी आर्थिक मजबूरी के कारण आत्महत्या कर चुके हैं। ऐसी विपरीत परिस्थितियों में जब की जुलाई माह में केवल 8 से 10 दिन शुभ मुहूर्त हैं। इसके पश्चात देव शयनी एकादशी से देव उठावनी एकादशी तक देव सो जाने के कारण अर्थात 20 जुलाई 2021 से 13 नवंबर 2021 तक 4 माह तक शादी व अन्य समारोह नहीं हो पाने के कारण काम नहीं होंगे। ऐसे में कुछ मांगे उठाई गई हैं। शादी व अन्य समारोह को रात्रि में करने की अनुमति देने एवं कवर्ड एरिया में एक सौ व्यक्तियों की व खुले क्षेत्र में 200 व्यक्तियों की अनुमति प्रदान की जाए। जैसा कि दिल्ली सरकार ने रात्रि में विवाह आयोजन की अनुमति प्रदान की है। नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत द्वारा कमर्शियल टैक्स व औद्योगिक टैक्स 1 अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2022 तक का 1 वर्ष के लिए माफ किया जाए। जैसा कि गुजरात सरकार ने किया है। व्यवसाय के वाणिज्य विद्युत कनेक्शन के बिजली बिलों में 6 माह के लिए फिक्स चार्ज, मिनिमम चार्ज, इलेक्ट्रिसिटी चार्ज व ब्याज माफ करने का आदेश पारित करने किया जाए।