उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल से मुंबई और गोवा के लिए डायरेक्ट हवाई उड़ान शुरू होने के बाद अब अमृतसर के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। लायंस इंटरनेशनल गाजियाबाद के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर और समाजसेवी मलकीत सिंह जस्सर ने हिंडन एयरपोर्ट से अमृतसर के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इससे कारोबारियों, नौकरीपेशा लोगों और पर्यटकों को काफी सहूलियत मिलेगी। मलकीत सिंह जस्सर का कहना है कि अमृतसर एक प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां स्वर्ण मंदिर (गोल्डन टेंपल), दुर्गियाना मंदिर, माता लाल देवी मंदिर और वाघा बॉर्डर जैसे प्रमुख स्थल हैं। बड़ी संख्या में लोग धार्मिक यात्रा और परेड देखने के लिए अमृतसर जाते हैं। उन्होंने कहा कि अभी गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को अमृतसर के लिए दिल्ली हवाई अड्डे या ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता है। हिंडन एयरपोर्ट से सीधी उड़ान शुरू होने से न केवल गाजियाबाद बल्कि नोएडा, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर और बागपत के यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
कनेक्टिविटी से बढ़ेगा पर्यटन और कारोबार
मलकीत सिंह जस्सर ने कहा कि अगर हिंडन एयरपोर्ट से अमृतसर के लिए हवाई सेवा शुरू होती है, तो इससे पर्यटन और व्यापार को काफी बढ़ावा मिलेगा। अमृतसर से कोलकाता, मुंबई और अन्य 12 प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी भी बेहतर हो जाएगी। इससे कारोबारी, नौकरीपेशा और आईटी सेक्टर में काम करने वाले लोगों को भी फायदा होगा।
हिंडन एयरपोर्ट की बढ़ रही कनेक्टिविटी
हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल के निदेशक उमेश यादव ने कहा कि हिंडन एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी लगातार बढ़ रही है और यात्रियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। वर्तमान में हिंडन एयरपोर्ट से आदमपुर, नांदेड़, किशनगढ़, लुधियाना और बठिंडा की घरेलू उड़ानें संचालित हो रही हैं। इसके अलावा बेंगलुरु, गोवा और कोलकाता के लिए व्यावसायिक उड़ानें भी चल रही हैं। हाल ही में मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू होने के बाद यह हिंडन से जुडऩे वाला नौवां शहर बन गया है।
जल्द हो सकता है बड़ा फैसला
उमेश यादव ने कहा कि अमृतसर के लिए सीधी उड़ान शुरू करने का निर्णय एयरपोर्ट अथॉरिटी को लेना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बढ़ती मांग और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस पर जल्द निर्णय लिया जा सकता है। अमृतसर के लिए हवाई सेवा शुरू होने से न सिर्फ गाजियाबाद बल्कि एनसीआर के अन्य शहरों के लोगों को भी फायदा होगा।
















