“दीक्षारंभ” ने जगाई नई ऊर्जा, मॉडर्न कॉलेज में हुआ सात दिवसीय छात्र परिचय समारोह का शुभारंभ

-नए सत्र के विद्यार्थियों को मिलेगी प्रेरणा, दिशा और अवसर- शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास पर रहेगा जोर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण की यात्रा है इसी सोच को साकार करते हुए मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में 12 अगस्त मंगलवार से 18 अगस्त तक छात्र परिचय कार्यक्रम दीक्षारंभ का आयोजन किया गया। इस सात दिवसीय भव्य कार्यक्रम में बीसीए, बीबीए, बी.कॉम और बी.ए. पाठ्यक्रम के नवप्रवेशित विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि इस पहल का मकसद विद्यार्थियों को न केवल कॉलेज की शैक्षणिक प्रणाली और सुविधाओं से परिचित कराना है, बल्कि उन्हें ऐसे संस्कार और कौशल देना है जो उन्हें जीवन भर आगे बढ़ने की ताकत दें। मंगलवार की सुबह कॉलेज सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के बाद मंच पर प्रबंधन एवं वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. निधि अग्रवाल ने कॉलेज की उपलब्धियों, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छात्रों की सफलता, और शिक्षण पद्धति की खासियत पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि के रूप में विपुल कुमार (संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एनर्जिक समाधान, गाजियाबाद) उपस्थित रहे। महाविद्यालय के सचिव विनीत गोयल और प्राचार्या प्रो. निशा सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत स्मृति-चिह्न देकर किया। स्वागत भाषण में प्राचार्या प्रो. निशा सिंह ने नए विद्यार्थियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन सिर्फ डिग्री हासिल करने तक सीमित न रहे, बल्कि यह आपके व्यक्तित्व और सोच को गढऩे का अवसर है। हम चाहते हैं कि आप यहाँ से न केवल शिक्षित, बल्कि जिम्मेदार और रचनात्मक नागरिक बनकर निकलें। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे कॉलेज की प्रत्येक सुविधा और अवसर का पूरा लाभ उठाएँ। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किए और इस कार्यक्रम को अपने जीवन की एक नई शुरुआत बताया।

छात्रों में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का विकास ही हमारी प्राथमिकता
दीक्षारंभ कार्यक्रम के अवसर पर महाविद्यालय के सचिव विनीत गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह छात्र परिचय कार्यक्रम केवल कॉलेज के वातावरण से परिचित कराने का औपचारिक माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के अंदर आत्मविश्वास, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का अवसर है। शिक्षा का असली उद्देश्य सिर्फ डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसे नागरिक तैयार करना है जो समाज में प्रेरणा बन सकें। हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी न सिर्फ अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट हों, बल्कि जीवन के हर मोड़ पर नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक सतत प्रक्रिया है।

इसमें निरंतर आत्म-निरीक्षण, नए ज्ञान की खोज और चुनौतियों का सामना करने का साहस जरूरी है। कॉलेज का हर सत्र, हर कक्षा, हर गतिविधि आपको निखारने और आपके व्यक्तित्व को संवारने के लिए है। मेरा आग्रह है कि आप इन अवसरों का भरपूर लाभ उठाएँ और आने वाले समय में न केवल अपनी बल्कि अपने परिवार और समाज की पहचान भी ऊँची करें। कॉलेज प्रशासन का मानना है कि ‘दीक्षारंभ’ जैसे कार्यक्रम न केवल शैक्षणिक शुरुआत को यादगार बनाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन और समाज के प्रति संवेदनशीलता भी पैदा करते हैं।

मुख्य अतिथि ने साझा किया सफलता का मंत्र
मुख्य अतिथि विपुल कुमार ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। मेहनत, अनुशासन और सीखते रहने की आदत ही आपको आगे ले जाएगी। कॉलेज के ये साल आपके व्यक्तित्व निर्माण के सबसे महत्वपूर्ण वर्ष हैं, इन्हें केवल पढ़ाई तक सीमित न रखें, बल्कि नए कौशल और रचनात्मकता को विकसित करने में लगाएँ।

पहले दिन का अनुभव
पहले दिन विद्यार्थियों को संकाय सदस्यों से परिचित कराया गया, कॉलेज की आचार संहिता, छात्र क्लबों, पुस्तकालय के नियम, दृष्टि-लक्ष्य (विजन-मिशन) और मेंटर-मेंटी व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई। कॉलेज परिसर का भ्रमण कराया गया, जहाँ छात्रों ने प्रयोगशालाएँ, पुस्तकालय, खेल मैदान, और सांस्कृतिक गतिविधियों के स्थान देखे।

आगामी दिनों की झलक
• 13 अगस्त: करियर परामर्श एवं आत्मविकास सत्र
• 14 अगस्त: “जीवन कौशल” विषय पर प्रो. आकांक्षा श्रीवास्तव का विशेष व्याख्यान
• 15 अगस्त: खेलकूद प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम
• 16 अगस्त: योग एवं ध्यान शिविर, रचनात्मक कला कार्यशाला
• 17 अगस्त: पूर्व विद्यार्थियों (एलुमनाई) से संवाद- अनुभव साझा
• 18 अगस्त: फीडबैक सत्र और स्थानीय उद्योग/स्थलों का भ्रमण