सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में जनपदीय बैण्ड प्रतियोगिता का आयोजन

-देश के सर्वंणिम भविष्य के लिए युवाओंं मतदाता के प्रति जागरूक होना जरूरी: शाल्वी अग्रवाल

गाजियाबाद। विद्यार्थियों में देशप्रेम एवं एकता की भावना का विकास करने के लिए सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में मानव संसाधन मंत्रालय व स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से अंतर जनपदीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गुरू नानक कन्या इंटर कॉलेज, इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल, श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय, डी0ए0वी0 सेंटनरी पब्लिक स्कूल की बैण्ड टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सभी टीमों ने देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत गीतों की धुन पर मनमोहक प्रस्तुतियां दी।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम शाल्वी अग्रवाल ने जिला विद्यालय निरीक्षक ज्योति दीक्षित की मौजूदगी में आकाश में गुब्बारे उड़ाकर किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ0 माला कपूर एवं डायरेक्टर डेवलपमेंट, नमन जैन ने सभी प्रतिभागी टीमों को अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी साथ में श्री आलोक यात्री उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में सभी टीमों के प्रतिभागी छात्रों का अनुशासन, लयबद्व कदमताल देखते ही बनता था। आकर्षक वेशभूशा में कतारबद्व होकर छात्रों ने अपनी धुनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

निर्णायक के रूप में स्पिक मैंके की को-ऑर्डिनेटर गाजियाबाद आभा बंसल, रिटायर्ड चीफ इंजीनियर शिवराज सिंह, थियेटर डायरेक्टर अक्षयवीर नाथ श्रीवास्तव उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में डीएवी सेंटनरी पब्लिक स्कूल ने एवं बालिका वर्ग में श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय नें प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल तथा बालिका वर्ग में गुरू नानक कन्या इंटर कॉलेज रनरअप रहे। प्रतियोगिता में विजय रहे छात्र/छात्राओं को ट्रॉफी एवं योग्यता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

एसडीएम शाल्वी अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए मतदाता अधिकार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि देश के सर्वंणिम भविष्य के लिए आज के युवा विद्यार्थियों का मतदाता अधिकार के प्रति जागरूक होना बहुत जरूरी है। क्योंकि यही युवा विद्यार्थी देश का भविष्य है। अपर जिला विद्यालय निरीक्षक, ज्योति दीक्षित ने बताया कि विजेता टीम प्रदेश स्तर पर भाग लेगी और जो राष्ट्रीय स्तर पर विजेता होगी उसको गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होने स्कूल प्रधानाचार्या डा0 माला कपूर का इस प्रतियोगिता के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। वहीं प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन के लिए सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल ने इस प्रतियोगिता में भाग नही लिया।