कलेक्ट्रेट में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित

डीएम ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं, निर्देश दिए

गाजियाबाद। जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी सभागार में शनिवार को जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने की। बैठक में डीएम ने औद्योगिक विकास से जुड़े अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास की दृष्टि से गाजियाबाद महत्वपूर्ण जनपद है। डीएम ने उद्यमियों की समस्याओं की गहनता के साथ समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के औद्योगिक विकास में और अधिक गतिशीलता लाने के उद्देश्य से जनपद के उद्यमियों के सम्मुख आने वाली समस्याओं का तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि जनपद का औद्योगिक विकास और अधिक तेजी से आगे बढ़ सके। बैठक में उद्योग की समस्या से जुड़े 7 बिंदु रखे गए। जिस पर डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को चरणबद्ध ढंग से उद्यमियों के सम्मुख आने वाली समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। विभिन्न उद्योग बंधुओं द्वारा विद्युत आपूर्ति के संबंध में कई क्षेत्रों में ब्रेक डाउन होने की जानकारी दी गई। डीएम ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति अनवरत रूप से सुनिश्चित कराई जाए और जिन-जिन क्षेत्रों में ब्रेकडाउन की समस्या आ रही है, उन्हें चिन्हित कर तत्काल व्यवस्था दुरुस्त की जाए ताकि सभी औद्योगिक इकाइयां अनवरत रूप से संचालित होती रहें। डीएम ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में जहां-जहां पर सड़कें खराब हैं तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सही नहीं है, इस दिशा में त्वरित कार्रवाई कर व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए ताकि औद्योगिक इकाइयों को सरकार की मंशा के अनुरूप लाभ प्राप्त हो सके। डीएम ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्राधिकारी पुलिस स्तर पर सभी औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यमियों के साथ बैठक करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने कहा कि जनपद के औद्योगिक विकास के संबंध में यदि उद्यमियों के पास कोई सुझाव हो तो वह जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं ताकि शासन स्तर पर उनका चरणबद्ध ढंग से निराकरण कराया जा सके। डीएम अजय शंकर पांडे ने निवेश मित्र योजना पर पृथक से समीक्षा बैठक किए जाने के निर्देश संयुक्त आयुक्त उद्योग को दिए गए। पुलिस विभाग से संबंधित उद्यमियों के प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक 2 माह में क्षेत्राधिकारी पुलिस अपने क्षेत्र के औद्योगिक संगठन के सभाकक्ष में उद्यमियों के साथ बैठक किए जाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने मैसर्स इंदर एंटरप्राइजेज, बोंझा पटेल मार्ग गाजियाबाद के बैंक एवं पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के संबंध में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधीक्षक नगर प्रथम निपुण अग्रवाल को दिए। डीएम ने अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खंड को विद्युत ट्रिपिंग रोकने के लिए बनाए गए प्लान से अवगत कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिला अधिकारी (नगर) शैलेंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग विरेंद्र कुमार, यूपीएसआईडीसी की परियोजना अधिकारी स्मिता सिंह आदि मौजूद रहे।