-3302 प्रत्याशियों का भाग्य बैलट बॉक्स में बंद, 2 मई को आएंगे नतीजे
गाजियाबाद। जनपद में गुरुवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करा लिया गया। छिट्पुट घटनाओं को छोड़कर पूर्णत: शांति रही। मतदान केंद्रों पर एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पंचायत चुनाव शांतिप्रिय ढंग से निपटने के बाद सरकारी तंत्र ने भी राहत की सांस ली है। उधर, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य के 3302 प्रत्याशियों का भाग्य भी बैलेट बॉक्स में बंद हो गया। अब 2 मई को मतगणना के बाद नतीजें सामने आ सकेंगे।
जिले में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक हुए मतदान के चलते सबसे ज्यादा मुरादनगर ब्लॉक में 74.33 फीसद मतदान हुआ। वहीं,संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर जहां पीएसी और भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहीं। वहीं, अन्य मतदान केंद्रों पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहीं।
जिले में शाम 6 बजे तक सभी 4 ब्लॉक रजापुर, भोजपुर,लोनी और मुरादनगर ब्लॉक में कुल मिलाकर 67.69 फीसद मतदान हुआ। जिले में पंचायत चुनाव में 5 लाख 56 हजार मतदाताओं में करीब 3 लाख 75 हजार मतदाताओं ने वोट डाला। वहीं,मतदान के चलते के चुनाव प्रेक्षक के रवींद्र नायक भी कई मतदान केंद्रोंं पर जायजा लेने के लिए पहुंंचे।
वहीं, मेरठ मंडल के मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह एवं एडीजी राजीव सभरवाल भोजपुर और लोनी क्षेत्र में मतदान स्थलों का जायजा लेने पहुंचे। वहीं,आईजी जोन प्रवीण कुमार ने भी रजापुर और मुरादनगर क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं एसएसपी अमित पाठक ने इंद्रगढ़ी, कनौजा आदि मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
जिलाधिकारी और एसएसपी की मुस्तैदी के चलते जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया। पंचायत चुनाव के लिए गुरूवार की सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक बुजुर्गों से लेकर महिलाओं और युवती और युवकों ने लाइन में लगकर जमकर वोट डाले। मुस्लिम बाहुल्य मतदान केंद्रों पर सुबह से मुस्लिम महिला मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
वहीं, छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मतदान होने के बाद रजापुर ब्लॉक के लिए गोविंदपुरम अनाज मंडी में बॉक्स रखे गए। वहीं, लोनी ब्लॉक में केडमी ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी,भोजपुर के लिए महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज गोविंदपुरी मोदीनगर और मुरादनगर ब्लॉक के लिए हंस इंटर कॉलेज मुरादनगर में बॉक्स रखे गए।
मतदान के लिए 3832 पोलिंग पार्टियों को लगाया गया था। पंचायत चुनाव में खड़े 3302 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाताओं ने किया। वहीं,क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य के 910 प्रत्याशी निर्विरोध चुने जाने के बाद चुनाव मैदान में 3302 प्रत्याशी रह गए थे।
राज्य निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए 21 जोन और 78 सेक्टर में बांटा गया था। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह,एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य, सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार,एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह,जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी,एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति, अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम आदि अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
पौने 4 लाख वोटरों ने किया मताधिकार का इस्तेमाल :
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के गुरूवार को हुए जिले में मतदान के बाद 3302 प्रत्याशियों का भाग्य बक्शे में बंद हो गया। जिले में मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होने के चलते करीब 5 लाख 56 हजार 856 मतदाताओं में करीब 3 लाख 75 हजार मतदाताओं ने वोट डाले। जिले में 74.33 फीसद तक मतदान हुआ।
वहीं, ग्राम प्रधान,ग्राम पंचायत सदस्य,क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के 498 पदों के लिए 3 लाख 75 हजार मतदाता ही वोट डाल पाए। आगामी 2 मई को होने वाली मतगणना के बाद इन दिग्गजों की हार-जीत का फैसला होगा। जिले में सबसे अधिक 323 क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 1474 दिग्गज प्रत्याशी,161 ग्राम पंचायत के लिए ग्राम प्रधान बनने के लिए 1150 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिले में 4 ब्लॉक लोनी, भोजपुर,मुरादनगर और रजापुर ब्लॉक हैं। भोजपुर ब्लॉक में 47 ग्राम पंचायत सीट पर 475 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुरादनगर में 48 सीटों पर 299 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। रजापुर में 34 ग्राम पंचायत सीट पर 269 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। लोनी की 32 ग्राम पंचायत पर 210 प्रत्याशी ग्राम प्रधान के लिए मैदान में हैं। जिले के 323 क्षेत्र पंचायत सदस्य सीट में से 22 सीटों पर निर्विरोध चुन लिए गए, 301सदस्य पद पर ही मतदान हुआ। पंचायत चुनाव में कुल 3302 प्रत्याशियों में कुल 1538 महिलाएं चुनाव मैदान में हैं। 482 महिलाएं ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के सदस्य पद पर 976 महिलाएं चुनावी मैदान में हैं। मतदान के लिए 311 पोलिंग सेंटर-958 बूथों बनाए गए थे। मतदान के लिए कुल 3832 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई। चारों ब्लॉक में मतदान के लिए बनाए गए 311 पोलिंग सेंटर में 57 संवेदनशील सेंटर और 114 अति संवेदनशील एवं 132 अति संवेदनशील प्लस सेंटर बनाए गए थे।
















