जिलाधिकारी की अपील असर: औद्योगिक संगठन ने बांटे मास्क

जिलाधिकारी की अपील का हुआ असर

कोविड प्रोटोकॉल के पालन के लिए औद्योगिक संगठन ने बांटे मास्क

गाजियाबाद। जनपद में कोविड-19 (कोरोना वायरस) के खिलाफ लड़ाई में विभिन्न औद्योगिक संगठन हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। यह असर दो दिन पूर्व कोविड-19 के प्रोटोकॉल को लेकर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय द्वारा औद्योगिक, व्यापारिक संगठनों समेत उपायुक्त उद्योग व वाणिज्यकर विभाग के साथ की गई बैठक का है। इन संगठनों की तरफ से वीरवार को अलग-अलग क्षेत्रों में साढ़े 7 हजार मास्क का निशुल्क वितरण किया गया। बगैर मास्क मिले राहगीरों को मास्क बांटे गए। जलाधिकारी ने बताया कि हाल में ही वाणिज्य कर विभाग, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र, व्यापार व औद्योगिक संगठनों के साथ बैठक में अपील की गई थी कि सभी फुटकर व थोक विक्रेताओं से कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन कराया जाए।

औद्योगिक क्षेत्रों से कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सहयोग की अपील की थी। इसके बाद इन संगठनों ने यह कदम उठाया है। मोदीनगर में एक हजार, गाजियाबाद इंडस्ट्रीज फैडरेशन द्वारा 2 हजार, बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन द्वारा 2 हजार, साहिबाबाद औद्योगिक संगठन द्वारा डेढ़ हजार तथा ट्रोनिका सिटी औद्योगिक संगठन ने एक हजार मास्क का निशुल्क वितरण किया। इस मौके पर गाजियाबाद इंडस्ट्रीज फैडरेशन के अध्यक्ष अरूण शर्मा, राजीव अरोड़ा, अनिल कुमार, शोभा चौधरी व मुकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।