राशन डीलरों की मनमानी पर जिला पूर्ति विभाग ने लगाई रोक

7 दुकानों के लाइसेंस निरस्त, 6 लाइसेंस निलंबित

गाजियाबाद। कुछ राशन डीलर उपभोक्ताओं को कम राशन दे रहे हैं। कई राशन डीलर 2 घंटे दुकान खोलकर गायब हो जाते हैं। जिला पूर्ति विभाग की जांच में राशन डीलरों की मनमानी सामने आई है। इसके चलते राशन की 7 दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। जबकि 6 दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इन राशन डीलरों द्वारा जमा करीब 5 लाख रुपए जमानत राशि भी जब्त की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा ने बताया कि जिले में कुल 573 राशन की दुकानें हैं। पिछले साल 5 राशन डीलरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। महिला आयोग की पूर्व सदस्य राज देवी चौधरी, ओम प्रकाश, सावित्री त्यागी, राजवीर त्यागी, हरि सिंह, संजीव कुमार व महिपाल की दुकान के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। जबकि कविता शर्मा, जयपाल, उमेश चंद त्यागी, धारा सिंह, संजय पाल व संजय कुमार के लाइसेंस निलंबित किए गए है। घटतौली करने के आरोप में विगत छह माह में जिले के 55 राशन डीलरों पर जुर्माना लग चुका है। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की इन दुकानों पर राशन वितरण के दौरान बाट-माप तौल विभाग की टीमों ने छापे मारकर यह जुर्माना लगाया है। जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा ने बताया कि 3 माह के भीतर जिले की एक दर्जन दुकानों की शिकायतें मिली थीं। आपूर्ति निरीक्षकों से इनकी जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर 7 दुकानों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। 6 राशन डीलरों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।