-अवैध पटाखों की कहीं हो रही बिक्री तो फोन पर बताइए, होगी कार्रवाई
गाजियाबाद। दीपावली पर्व की शुरुआत धनतेरस 29 अक्टूबर से होगी। 30 को नरक चौदस और 31 अक्टूबर को लक्ष्मी पूजा (मुख्य दिवाली) का पर्व मनेगा। वही एक नवंबर को गोवर्धन पूजा और दो नवंबर को भाईदूज मनेगा। उत्साह, उमंग के इस त्योहार को मनाने की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है। इसी के तहत बाजार में रौनक लौट आई है और लोगों का पर्व को लेकर उत्साह देखकर दुकानदार भी खुश नजर आ रहे हैं। क्योंकि सुबह से बाजार में भीड़ उमड़ रही है और लोग अपने-अपने स्तर पर खरीदारी भी शुरू कर दी है। ऐसे में व्यापारियों को भी समझ आ गया है कि इस बार दीपावली के लिए बाजार बूम करने लगा है। वहीं दीपावली को लेकर गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस अभी से सतर्क हो गई है। इसके तहत अवैध रूप से पटाखे बेचने व भंडारण करने वाले लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा। इसके अलावा नगर क्षेत्र में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने भी कार्रवाई के लिए खास प्लान तैयार किया है। डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने लोगों से अपील की है कि अगर अवैध पटाखों की बिक्री व पटाखों व अन्य ज्वलनशील पदार्थों के अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो गोपनीय तरीके से आप मेरे सीयूजी नंबर 9643322901 पर किसी भी समय फोन कर सूचना दे सकते है। इस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी सिटी ने नगर क्षेत्र में गली-मोहल्लों में होने वाले अपराध की रोकथाम के लिए नंबर जारी किया है। डीसीपी सिटी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में जहां अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है तो वहीं दुसरी ओर अवैध रूप से पटाखे बेचने व भंडारण करने वालों पर भी अपना शिकंजा कसा गया है। जिसमें करीब लाखों रुपये के पटाखे बरामद कर इस धंधे में शामिल लोगों कि गिरफ्तारी भी तेज कर दी है। अब त्योहार को लेकर पुलिस अवैध रूप से पटाखे का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई करेगी। डीसीपी ने बताया कि यह नंबर 24 घंटे सक्रिय रहता है। इस नंबर पर सूचना देने वाले कालर का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इसके अलावा लोग वाट्सएप के माध्यम से भी फोटो और वीडियो भेजकर सूचना दे सकते हैं। हालांकि अभी तक डीसीपी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान नगर कोतवाली पुलिस की टीम कई जगहों पर छापेमारी कर अवैध रूप से पटाखे बेचने व भंडारण करने के मामले में लाखों रुपये के पटाखे बरामद कर चुकी है। दिल्ली गेट और डासना गेट में पटाखा व्यापारियों पर जहां अभी तक नगर कोतवाली पुलिस कार्रवाई करने से बचती नजर आती थी, तो वहीं डीसीपी के सख्त रुख को देख पुलिस ने कार्रवाई की।
दरअसल अगर जवाहर, दिल्ली और डासना गेट, चौपला की मार्किट में अगर कोई हादसा हो जाए तो लोगों के लिए सबसे खतरा है। क्योंकि संकरी गलियों में दुकान और गोदाम खोल कर बैठे व्यापारी दीपावली पर पटाखों को बेचकर अधिक कमाई की जुगत में रहते है। पुलिस को गुमराह करने के लिए कोई दुकान के बाहर माल कुछ होता है और अंदर माल कुछ और होता है। दुकानों पर पटाखा लेने के लिए आने वाले ग्राहक भी इनके सधे हुए होते है। दुकानों पर पेमेंट होने के बाद उसे एक पर्ची थमा दी जाती है और वह व्यापारी पर्ची लेकर दुकानदार द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंच कर पटाखा ले जाता है। डीसीपी सिटी का कहना है कि पटाखा बेचने को लेकर अभी शासन की ओर से कोई आदेश नहीं आया है। अगर आदेश आता भी है तो लाइसेंस लेने के बाद ही बिक्री करने की परमिशन दी जाएगी। अवैध रुप से पटाखा बेचने और उसका भंडारण करने वालों पर कार्रवाई के लिए नंबर जारी करते हुए नगर क्षेत्र की जनता से अपील की गई है कि कहीं भी पटाखा बिक्री होती है तो फोन कर इसका सूचना दे सकते है। पटाखा बेचने वालों के संगठित नेटवर्क को तोडऩे के लिए टीम तैयार की गई है, यह टीमें बाजार में घूम-घूमकर इनकी निगरानी कर रही है।

















